सर्दियों की रात में बेखबर होकर न सोएं, क्योंकि जनपद में ‘हाफ पैंट’ गिरोह सक्रिय है। गैंग के सदस्य रम्मा से शटर तोड़ने माहिर दिखाई दे रहे हैं। यह गिरोह हालफिलहाल दूकानों को ही निशाना बना रहा है।
शहर कोतवाली सहित सरायलखंसी थाना क्षेत्र एवं घोसी सहित शहर कोतवाली में एक ही रात पांच घटनाओं को अंजाम दिया। लेकिन एक हार्डवेयर की दूकान में चोरी की कोशिश में वे सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। पुलिस अब सीसी कैमरे के फुटेज को लेकर जांच पड़ताल में जुटी हुई।
पिछले एक माह से तापमान में गिरावट दर्ज किए जाने के साथ ही चोरी की घटनाओं में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। इस दौरान हुई चोरियों में से एक का भी खुलासा नहीं हुआ।
रविवार की रात भी चोरों ने सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बकवल, शहर कोतवाली के सेलटैक्स रोड पर सराफा की दूकानों में चोरी की। चोर स्वदेशी काटन मिल के समीप विनय हार्डवेयर की दूकान पर सोमवार की भोर में 3 बजकर 13 मिनट पर दस्तक देते हैं। पहले वे दूकान के समीप रखे सीमेंटेड सीट की आड़ में खड़े होते हैं। इसके बाद रम्मा से दूकान के शटर को चांड़कर खोलने का प्रयास करते हैं।
लेकिन ऐसा प्रतीत हो रहा है किसी के आने की आहट मिलने के बाद वे फरार हो जाते हैं। चोरी की पूरी गतिविधि सीसी कैमरे में कैद हो गई है। सुबह जब दूकानदार शटर का ताला खोलने पहुंचता है तो शटर का एक किनारा उठा हुआ देखकर आशंकित हो जाता है। यह पूरी घटना उसके दूकान के सीसी कैमरे में कैद है।
चोरी करने वाले सभी हाफ पैंट पहने हैं और युवा उम्र के हैं। लड़के देखने से बाहरी भी प्रतीत हो रहे हैं। बहरहाल पुलिस मामले की खोजबीन में जुटी है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक शिवप्रसाद उपाध्याय का कहना है कि चोरी के प्रयास के घटना की जानकारी मिली है। सीसी फुटेज को खंगाला जा रहा है। अगर कोई गिरोह होगा तो उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा।