मऊ। कर्मचारी शिक्षक अधिकारी एवं पेंशनर्स अधिकार मंच उत्तर प्रदेश की तरफ से घोषित आंदोलनात्मक कार्यक्रम के क्रम में डिप्लोमा इंजीनियर संघ के तत्वावधान में मंगलवार को बाइक रैली निकाली। साथ ही प्रधानमंत्री को संबोधित 11 सूत्री ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।शिक्षकों, राज्यकर्मचारियों की बाइक रैली मंगलवार को
लोक निर्माण विभाग के डाक बंगला,बाल निकेतन से प्रारंभ कर रोडवेज, आजमगढ़ तिराहा, गाजीपुर तिराहा होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची।
इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि नयी अंशदाई पेंशन योजना को समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना बहाल किया जाए। मानदेय ,संविदा ,आउटसोर्सिंग और ठेकेदारी प्रथा पर कार्य कर रहे कर्मचारियों को नियमित किया जाए। वेतन विसंगतियों को दूर किया जाए। पंडित दीनदयाल उपाध्याय कैशलेस चिकित्सा योजना से समस्त कर्मचारियों और शिक्षकों को आच्छादित किया जाए। रिक्त पदों पर भर्ती किया जाए। वेतन विसंगतियों को दूर करने आदि मांगों को पूरा नहीं किया गया तो 28 अक्तूबर को जिला मुख्यालय पर जनपद के समस्त कर्मचारी और शिक्षक विशाल प्रदर्शन करेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपेंगे। इसके बाद भी अगर सरकार द्वारा मांगों पर विचार नहीं किया गया तो 30 नवंबर को इको गार्डन पार्क लखनऊ में विशाल रैली का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।जनपद से हजारों की संख्या में कर्मचारी शिक्षक इको गार्डन पार्क लखनऊ में होने वाले विशाल महारैली में प्रतिभाग करेंगे। रैली में प्राथमिक शिक्षक,माध्यमिक शिक्षक, लोक निर्माण विभाग,ग्राम विकास, ग्राम पंचायत,ग्राम पंचायत सफाई कर्मचारी, सिंचाई, नहर, व्यापार कर, कोषागार ,लैब सहायक,राजस्व विभाग ,संग्रह अमीन, राजस्व लेखपाल, चकबंदी लेखपाल, बेसिक हेल्थ वर्कर आदि संवर्गों के कर्मचारी शामिल रहे।
मोटरसाइकिल रैली में जय नारायण द्विवेदी ,कृष्णानंद राय, रामाश्रय यादव, विवेकानंद गुप्त, विद्या सागर मिश्र, संतोष तिवारी, शैलेंद्र प्रताप सिंह, विजय बहादुर सिंह, बृजेश कुमार ,बृजेश कुमार यादव ,जेपी यादव अंजनी कुमार सिंह, ब्रह्म स्वरूप मिश्रा, सतीश चंद यादव,सुरेंद्र सोनकर, ओंकार नाथ तिवारी, जय शंकर यादव, नंदलाल ,संजय सिंह, गांधी पांडेय, शशिभूषण राय ,रामकेर यादव ,अखिलेश्वर शुक्ला, जयप्रकाश यादव, उदय भान यादव, पारसनाथ, मनोज कुमार गुप्ता, सत्येंद्र यादव, शशिकला पांडे, वंदना सिंह आदि शामिल रहे।