सरायलखंसी थाना क्षेत्र के उस्मानपुर गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर बुधवार को दोपहर करीब एक बजे खड़े पानी के टैंकर से बेकाबू बोलेरो की टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो चालक की मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलने पर यूपीडा के सचल दस्ता ने सरायलंखसी पुलिस के साथ गाजीपुर पुलिस को सूचना दी। गाजीपुर बार्डर के समीप हुए हादसे के चलते गाजीपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
सुल्तानपुर जिले के मीरदासपुर गुरसारगंज गांव निवासी दिलीप वर्मा 38 पुत्र कालीदीन वर्मा बोलेरो से किसी को छोड़ने के लिए लखनऊ गया था। वहां से बुधवार की दोपहर वापस गाजीपुर की तरफ जा रहा था। अभी वह सरायलखंसी थाना क्षेत्र के उस्मानपुर गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस वे मेजर ब्रिज के पास सड़क किनारे यूपीडा जीआर इंफ्रा के पानी के खड़े टैंकर से बोलेरो टकरा गई। हादसे में दिलीप की मौके पर मौत हो गई। गनीमन रही कि बोलेेरो में कोई अन्य यात्री सवार नहीं थे और न ही टैंकर में कोई था। घटना स्थल मऊ-गाजीपुर सीमा पर होने के चलते यूपीडी के अधिकारियों ने दोनों जिलों की पुलिस को सूचना दी।