परिषदीय विद्यालयों में दाखिले के लिए स्कूल चलो अभियान चलाया जा रहा है। भीषण गर्मी में रैलियां निकालने से अध्यापक कतरा रहे हैं और कई जगहों पर केवल औपचारिकता भर पूरी की जा रही है। बेसिक शिक्षा विभाग अभियान पर निगरानी बढ़ाने का फैसला किया गया है। चार टीमों का गठन किया गया है जो विद्यालयों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों पर नजर रखेगी।
जिले में 1060 प्राथमिक तथा 442 उच्च प्राथमिक विद्यालय हैं। सर्व शिक्षा अभियान के तहत इन दिनों सभी विद्यालयों से रैलियां निकाली जा रही हैं। शिक्षक अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों का नामांकन कराने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। तमाम विद्यालयों में रैलियां निकाली जा रही हैं लेकिन कई जगह केवल खानापूर्ति होत रही है। जागरूकता अभियान के बावजूद नामांकन में गिरावट देखने को मिल रही है।
वर्ष 2014 में 172617 बच्चों का नामांकन किया गया था जबकि वर्ष 2015 में 164588 बच्चों का नामांकन हो पाया था। नए शिक्षा सत्र में हालात और भी खराब बताए जा रहे हैं। नामांकन में गिरावट को देखते हुए जिलाधिकारी ने जिलाधिकारी स्कूल चलो अभियान पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी से अभियान पर विशेष नजर रखने और नामांकन बढ़ाने को कहा है।
रैली पर निगाह रखने के लिए दो-दो अफसरों की चार टीमों का गठन किया है। रानीपुर, मुहम्मदाबाद गोहना व फतहपुर मंडाव ब्लाक में योगेंद्र यादव, व अरुण मल्ल, घोसी, दोहरीघाट ब्लाक में अखिलेश सिंह, लेखाकार लक्ष्मण सिंह, कोपागंज, परदहां तथा नगर क्षेत्र में अमित कुमार श्रीवास्तव, ईएमआईएस इंचार्ज सुधांशु सिंह तथा रतनपुरा, बड़रांव ब्लाक में गजेंद्र सिंह, अजीत तिवारी को नामित किया गया है।