मऊ/सूरजपुर। मधुबन थाना क्षेत्र के कोल्हुआ खास में मंगलवार की दोपहर सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के मामले में पुलिस ने रोडवेज बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मृतक के पिता की तहरीर पर मंगलवार की शाम पुलिस ने कार्रवाई की।
दोहराघाट थाना क्षेत्र के जमुनीपुर गांव निवासी लल्लन राजभर द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे के अनुसार मंगलवार की दोपहर उनके अनिल राजभर (30), गांव के ही राकेश (25) के साथ अपनी छह माह की पुत्री को दवा लेने मधुबन की ओर जा रहे थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे अभी कोल्हुआ खास गांव के पास पहुंचे थे कि मधुबन की ओर से आ रही बेल्थरारोड डिपो की बस ने सामने से बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में अनिल की मौके पर मौत हो गई, जबकि राकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। बस नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।