हलधरपुर थाना क्षेत्र के रतनपुरा कस्बा स्थित नेता चौराहा पर अमित चौरसिया की दुकान से मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े 18 हजार रुपये की चोरी हो गई। अज्ञात चोर वारदात को अंजाम देकर बाइक छोड़कर फरार हो गया।
पीड़ित अमित चौरसिया ने बताया कि वह नेता चौराहे पर पान सामग्री का कारोबार करते हैं। मंगलवार दोपहर वह दुकान का शटर गिराकर भोजन करने गए थे। इसी दौरान एक अज्ञात चोर ने शटर उठाकर दुकान में प्रवेश किया और गल्ले से 18,000 रुपये चुरा लिए।
चोरी कर बाहर निकलते समय एक फल विक्रेता ने उसे देख लिया। चोर ने बाइक से भागने का प्रयास किया, लेकिन बाइक चालू नहीं हुई। वह बाइक वहीं छोड़कर पैदल ही फरार हो गया।
अमित चौरसिया ने पुलिस चौकी पहुंचकर चोर द्वारा छोड़ी गई बाइक पुलिस को सौंपी और कार्रवाई की मांग की। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय दुकानदार हैरान हैं। इस बाबत सीओ मधुबन दिनेशदत्त मिश्रा ने बताया कि इस मामले में पुलिस जांच कर रही है।