समाजवादी पार्टी की तरफ से पार्टी के संस्थापक स्व. मुलायम सिंह यादव की जयंती शुक्रवार को पार्टी कार्यालय पर मनाया गया। इस अवसर पर जरुरतमंदों में फल, दूध, कंबल और कार्यकर्ताओं में मिठाई बांटकर हर्ष प्रकट किया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया।
इस मौके पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव ने कहा कि स्व. मुलायम सिंह यादव हमेशा गरीबों, दलितों, पिछड़ों को हक और अधिकार दिलाने के लिए काम करते रहे। उनके बताए मार्ग पर चलने से ही देश और समाज की तरक्की संभव है।
मुहम्दाबादगोहना के विधायक और पूर्व राजस्व मंत्री राजेंद्र कुमार ने कहा कि पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने कठिन परिश्रम करके राजनीति में अपना इतिहास रचा है। वह हमेशा गरीबों पिछड़ों दलितों और सभी वर्ग के कमजोर असहाय लोगों के लिए चिंता करते थे।
नेताजी ने पिछड़ों और दलितों के लिए काम किया। नेताजी समाज में फैली हुई असमानता को दूर करने के उद्देश्य से पंचायती राज एक्ट में गरीब, दलित, पिछड़ों, महिलाओं का हक दिलाकर इतिहास रचा।
जिस तरह से नेताजी आज हम लोगों के बीच में नहीं है लेकिन उनका नाम लेते ही शरीर में उर्जा उत्पन्न होती है। इस अवसर पर पूर्व एमएलसी रामजतन राजभर, शैलेंद्र यादव साधु, पूर्व जिलाध्यक्ष धर्म प्रकाश यादव और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।