मऊ। पुलिस अधीक्षक सुशील घुले ने शनिवार को शहर स्थित कई निजी विद्यालयों का निरीक्षण किया। एसपी ने विधानसभा चुनाव के दौरान बाहर से आने वाली पुलिस फोर्स के जवानों के इन विद्यालयों में रुकने के इंतजाम का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक ने शहर के लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल सिकटिया, अमृत पब्लिक स्कूल, सेंट जेवियर स्कूल सिकटिया का निरीक्षण किया।
एसपी ने इन स्कूलों में विधानसभा चुनाव के दौरान बाहर से आने वाली फोर्स के जवानों के रुकने के लिए आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि निजी विद्यालयों के प्रबंधकों को बता दिया गया है कि विधानसभा चुनाव के दौरान आने वाले सुरक्षाबलों के जवानों के रुकने के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराने के इंतजाम कर लिए जाएं। एसपी ने बताया कि विद्यालयों पर जवानों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं। जरूरत पड़ने पर अन्य विद्यालयों को चिंहित कर दिशानिर्देश जारी किए जाएंगे।