मऊ। सपा की चुनाव संचालन कमेटी की वर्चुअल बैठक जिलाध्यक्ष धर्मप्रकाश यादव की अध्यक्षता में सोमवार को हुई। बैठक में जनपद के सभी नौ ब्लॉक में पार्टी से प्रत्याशी के लिए आए आवेदन पर विस्तृत चर्चा की गई। चार ब्लॉकों में ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशियों के नामों पर अंतिम मुहर लगी। इन चारों लोगों को ब्लाक प्रमुख पद का चुनाव लड़ने के लिए अधिकृत किया गया। शेष पांच ब्लॉकों में सहमति के आधार पर अगली बैठक में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
फतेहपुर मंडाव से ब्लॉक प्रमुख पद के लिए ऐश्वर्या यादव , ब्लॉक मुहम्मदाबाद गोहना से शिव बच्चन यादव, ब्लॉक घोसी से डा. रामकृष्ण यादव और ब्लॉक कोपागंज से रामकरन चौहान को अधिकृत प्रत्याशी बनाया गया। अंत में पार्टी नेता एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राम भवन राम, रविंद्र निगम, मुन्नू बाबू, रमेश यादव, बंशनरायन राजभर के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
बैठक में जिला महा सचिव कुद्दूस अंसारी, पूर्व विधायक सुधाकर सिंह, पूर्व एमएलसी राम जतन राजभर, मुसाफिर यादव, पूर्व विधायक बैजनाथ पासवान, पूर्व विधायक उमेश चंद पांडे, राजेंद्र मिश्रा व अखिलेश आदि नेता उपस्थित थे।