घोसी (मऊ)। ब्लॉक क्षेत्र के जिगिना गांव निवासी बिहारी राम की रिहायशी मंडई में आग लग गई। इस आग लगी में मड़ई में बंधी छह बकरियां जलकर मर गईं। सूचना पाकर राजस्व कर्मी के साथ पशु चिकित्सक ने मौके पर पहुंच कर आवश्यक कार्यवाही किया। आगलगी में सब कुछ जलकर नष्ट हो जाने से बिहारी को गांव के प्रधान मुक्खू यादव ने स्वयं एवं गांव के लोगो के सहयोग से राशन के साथ कपड़ों की व्यवस्था कराया।
जिगिना गांव निवासी बिहारी ने शुक्रवार की रात्रि अपने छप्पर के मकान में बंधी बकरियों को ठंड से बचाने के लिये आग सुलगा रखा था। रात में आग की चिंगारी छप्पर तक जा पहुंची और आग की लपटों ने पूरे छप्पर को अपनी जद में ले लिया।भोर में दो बजे के लगभग बिहारी के वृद्ध पिता फूलचंद किसी काम से दूसरी मंडई से बाहर निकले तो मंडई को जलती देख कर शोर मचाया। परिजनों के शोर मचाने पर गांववासियों ने किसी तरह आग को बुझाया। लेकिन आग बुझते बुझते बिहारी की छ: बकरियों ,छह हजार रुपये, पांच थान सोने, चांदी के गहने व घर गृहस्थी के सामान सहित लाखों के सामान जलकर राख हो गए। शनिवार को लेखपाल व पशु चिकित्साधिकारी ने घटना स्थल पर जाकर इस आगलगी का जायजा लिया।