मऊ। प्रदेश सरकार के कार्यकाल के चार वर्ष पूरे होने पर शनिवार को नगर के मझवारा मोड़ स्थित जूनियर हाईस्कूल के परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान घोसी विधायक विजय राजभर ने सीता कुंड के सुंदरीकरण और पर्यटन विकास के कार्य का शिलान्यास किया। 46.96 लाख की लागत से सीता कुंड को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने विकास पुस्तिका का विमोचन भी किया। इस दौरान विभागों की तरफ से प्रदर्शनी लगाई गई थी। एलईडी वैन के माध्यम से लोगों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा।
घोसी विधायक विजय राजभर और मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह ने उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से संचालित मुख्यमंत्री माटी कला रोजगार योजना में राजेंद्र प्रजापति, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना में सुनील कुमार मौर्य, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना में रजनीश राय, श्रम विभाग की योजना में रीमा गौतम, रागिनी को साइकिल प्रदान किया। ग्राम्य विकास विभाग की ओर से बीसी सखी योजना में पुष्पकला, नीलम को प्रमाण पत्र दिया गया। ग्राम्य विकास विभाग की ओर से राम अवध स्वयं सहायता समूह, सुभाष चंद्र बोस स्वयं सहायता समूह को राशन की दुकान, कृषि विभाग की ओर से राम मोहन प्रसाद को मिनी राइस मिल, गन्ना विभाग की ओर से रामायण, हरिनारायण अधिक उत्पादन के लिए पुरस्कार दिया गया। आईसीडीएस विभाग द्वारा स्मृति, रिया को अन्नप्राशन एवं प्रतिभा, रानी गर्भवती महिला की गोदभराई, समाज कल्याण विभाग द्वारा रामावती, सूर्यभान वृद्धावस्था पेंशन की स्वीकृति पत्र, महिला कल्याण विभाग द्वारा मुंनेश्वरी देवी, आशा देवी को निराश्रित महिला पेंशन का स्वीकृति पत्र आदि को प्रदान किया गया।
इस अवसर पर विधायक विजय राजभर ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से संचालित योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार द्वारा वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन एवं विधवा पेंशन देने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिस गरीब मजदूर द्वारा श्रम विभाग में रजिस्ट्रेशन कराया था। उनकी बच्चियों की पढ़ाई, शिक्षा-दीक्षा के लिए जो दूर गांव से स्कूल नहीं पहुंच पाती थी उन सभी के लिए साइकिल का वितरण किया गया है।
मुहम्मदाबाद तहसील में विधायक मोहम्मदाबाद गोहना श्रीराम सोनकर की अध्यक्षता में कार्यक्रम संपन्न हुआ। तहसील सदर में बाबा गोरखपुरी धाम मठिया उमापुर वजीरपट्टी के स्थान पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार गुप्ता एवं अपर जिलाधिकारी केहरि सिंह की अध्यक्षता में कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर मठिया बाबा के धाम के सुंदरीकरण के लिए (लागत 48.49 लाख) का शिलान्यास किया गया।