मऊ। देव दीपावली के मौके पर नगर के माता पोखरा स्थित शीतला माता धाम मंदिर पर 11 हजार दीए जलाए गए। रामभक्त मंडल की ओर से की गई इस सजावट के बीच मंदिर परिसर और वहां स्थित धार्मिक पोखरा दीपों की रोशनी से जगमगाती रही। मंदिर परिसर में आयोजित की गई युवतियों की रंगोली प्रतियोगिता में उनके द्वारा उकेरी गई आकृतियों ने भी दीपों की रोशनी से नहाए मंदिर की शोभा बढाने में चार चांद लगाए।
कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर ऐसा लग रहा था कि मानो स्वर्ग से सीधे देवता धरती पर आकर दीपमालाओं का आनंद ले रहे हों। कोरोना संक्रमण के चलते दो वर्ष बाद देव दीपावली के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। लोगों में उत्साह का माहौल रहा। भक्त यादगार पल को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करते देखे गए। मंदिर परिसर से सटे मैदान मेें लगे मेले को देखने के लिए जिले के विभिन्न इलाकों से मेला तथा रंगोली प्रतियोगिता को देखने के लिए रेला लगा रहा।
इस मौके पर नगर के मठिया टोला शिवाला, भीटी स्थित शिव मंदिर, कतुआ पुरा स्थित शिव मंदिर, कतुआपुरा स्थित मातृ मंदिर, जिला अस्पताल स्थित शिव मंदिर, ब्रह्मस्थान स्थित और रोडवेज स्थित मंदिर, सिंधी कालोनी स्थित मंदिर, वनदेवी धाम, निधियांव स्थित अष्टभुजी मंदिर, दोहरीघाट के गौरीशंकर घाट, रामघाट सहित तमसा नदी के तट पर स्थापित मंदिरों में घी के दीपक जलाए गए। दीपों की रोशनी से मंदिर जगमगा उठे।
स्वर्णिम आभा से जगमगाया सर्वेश्वरी धाम
मऊ। पौराणिक तमसा तट के नगर के सर्वेश्वरी मुक्तिधाम ढेकुलिया घाट पर देव दीपावली मनाई गई। 11 हजार दीपों से सर्वेश्वरी धाम जगमग हो उठा। शारदा नारायण हॉस्पिटल के डायरेक्टर रोटरी क्लब के अध्यक्ष डॉ. संजय सिंह ने अपनी पत्नी डॉ. एकिका के संग दीप प्रज्जवलन कर इस परंपरा का आगाज किया। नगर में शारदा नारायण हॉस्पिटल, लायंस क्लब, रोटरी क्लब, केवीए मानवाधिकार फाउंडेशन, लोक कल्याण न्यास, नन्ही गौरैया फाउंडेशन, सहित विभिन्न संगठनों ने दीपदान किया।
नगरवासियों ने किया दीपदान
चिरैयाकोट। कार्तिक पूर्णिमा तथा देव दीपावली के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक के कार्यकर्ताओं तथा नगरवासियों की तरफ से चिरैयाकोट नगर स्थित खाकी बाबा कुटी पर तालाब की सीढ़ियों, काली मंदिर, रामजानकी मंदिर, शिव मंदिर, पुराना हनुमान मंदिर पर दीपदान का आयोजन किया गया। जिसमे खाकी बाबा कुटी, रामजानकी मंदिर पर कुटी समिति, ग्रामीणों के सहयोग से एक हजार एक दीप जलाया गया। इस कार्यक्रम में नितिन वर्मा, नीतीश गुप्ता, प्रशांत वर्मा, विजय उपाध्याय, श्रीनिवास गुप्ता, अविनाश श्रीवास्तव, रामजी पांडेय, श्रेय उपाध्याय आदि लोगों का भरपूर सहयोग रहा।
दीपों की रोशनी से जगमगा उठे देवघर
रतनपुरा / पिपरीडीह। शुक्रवार को सभी देव स्थानों पर श्रद्धालुजनों द्वारा देव दीपावली का पावन पर्व उल्लास के माहौल में मनाया गया इस अवसर पर अमर नाथ चौरसिया ने रेलवे स्टेशन स्थित काली मंदिर से हनुमान मंदिर तक 1100 दीप जलाए। साथ ही अन्य लोगों ने बाजार स्थित दुर्गा मंदिर के साथ ही साथ कुंज वन कुटीर बुढ़वा बाबा मंदिर पर भी देव दीपावली को दीपों की अनुपम छटा दिखाई दी। देव दीपावली का उत्साह व्यापक रूप से देखा गया। जैसे ही सूर्यास्त हुआ दीपमाला जगमग होनी शुरू हो गई। परदहां ब्लाक क्षेत्र के वनदेवी धाम पर मंदिर समिति तथा श्रद्धालुओं की तरफ से 5100 दीप जलाए गए।
51 हजार दीपों से जगमगाया शिव मंदिर
कोपागंज। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर प्राचीन शिव मंदिर में शुक्रवार की शाम भव्य तरीके देव दीपावली मनाई गई। इस अवसर पर 51 हजार दीपकों से पूरा शिव मंदिर जगमगा उठा। शाम की आरती के बाद गंगा आरती के बाद वृंदाबन और इलाहबाद के आए कलाकारों ने अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम करके लोगो का मन मोहा। कार्तिक पूर्णिमा के दिन देव दीपावली के अवसर पर क्षेत्र के अनेक मंदिरों पर शाम होते ही लोगों ने दीपक जलाना प्रारंभ कर दिया। देखते देखते क्षेत्र के मंदिर, घाट सभी दीपको की रोशनी से जगमगा उठे। प्राचीन शिवमंदिर में आयोजक राजन गुप्ता, मनोज बरनवाल, गुड्डू यादव आदि लोग किसी भी श्रद्धालु को कोई परेशानी न हो व्यवस्था में लगे रहे।
5100 दीप ो से जगमग हुआ सरयू तट
दोहरीघाट। देवदीपावली पर रामघाट पर 5100 दीपो से सरयू नदी की महाआरती उतारी गई। महाआरती में भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे। एक साथ जैसे ही सारे दीप प्रज्वलित हुए पूरा घाट जगमग हो उठा।दोहरीघाट बड़हलगंज पुल से लेकर हनुमान मंदिर तक लगभग एक किमी की दूरी में दीपों की लड़िया अठखेलियां करती नजर आई। लोगों ने शाम से ही रामघाट पर बैठकर घंटों उस ऐतिहासिक क्षण की प्रतीक्षा की। जब दीपों के प्रकाश से धरा से आकाश तक आलोकित हो उठा।श्रद्धालुओं ने उत्तरवाहिनी सरयू की आरती उतारने के बाद दीपदान भी किया। सरयू की धारा में बहते हुए अनगिनत दीप पृथ्वी पर उतरे नक्षत्र लोक जैसा दृश्य नजर आ रहा था।
अनगिनत दीपों की रोशनी में नहाए समूचे दृश्य को आंखों में समा लेने के लिए लोगों की भीड़ घाटों पर उमड़ पड़ी थी।इस दौरान कार्यक्रम संयोजक श्यामजी पांडेय,पूर्व चेयरमैन गुलाबचंद गुप्त, अशोक साहू, छोटेलाल वर्मा, मोहित जायसवाल, सागर गुप्ता,आजाद जायसवाल,विनय जायसवाल, वंशीधर उपाध्याय, बबलु पांडेय,मनु साहनी, शिवपाल, रामधीन पांडेय, पंकज मध्येशिया, उज्ज्वल जायसवाल, विनोद वर्मा,रवि प्रजापति, अजय, घनश्याम आदि उपस्थित रहे।