मऊ। नगर क्षेत्र के ताजोपुर-पनियरा मार्ग पर लटके बिजली के जर्जर तार हादसों को दावत दे रहे हैं। तेज हवा चलने पर स्पॉर्किंग से तार टूटकर गिर जाते हैं। यही नहीं ताजोपुर दलित बस्ती में तमाम गलियों में उपभोक्ताओं की तरफ से खींचा गया डैमेज केबल जमीन से होकर गुजरी है। जिससे हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लबे रोड के पास ही खुले में ट्रांसफार्मर लगा है। रास्ते से होकर स्कूली बच्चे गुजरते हैं। क्षेत्र में कई घटनाएं हो चुकी हैं लेकिन शिकायत के बाद भी विभागीय अधिकारी हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं।
बिजली विभाग की तरफ से हर माह उपभोक्ताओं से बिजली बिल की वसूली को लेकर सक्रिया रहते हैं लेकिन बिजली समस्या को चुस्त दुरुस्त करने को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया सका है। हालत यह है कि नगर क्षेत्र के ताजोपुर-पनियरा मुख्य मार्ग पर लटके विद्युत तार जर्जर हाल में है। तार काफी नीचे तक लटक गया है। तेज हवा बहते ही स्पार्किंग होकर तार टूट जाता है। इसी मार्ग पर फातिमा स्कूल तथा अमरवाणी विद्यालय है जिसमें हजारों बच्चे पढ़ते हैं।
अभिभावक भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते हैं। यही नहीं ताजोपुर दलित बस्ती में लगभग 20 से अधिक गलिया हैं। उपभोक्ताओं की तरफ से खींची केबिल डैमेज हो गई है। केबिल के जगह-जगह कटने से हादसे होने की आशंका बनी रहती है। गत दिनों एक युवक की बाइक डैमेज केबिल पर गिर गई। संयोग रहा कि उस समय बिजली गुल थी।लबे रोड के पास ही खुले में ट्रांसफार्मर लगा है। ट्रांसफार्मर के संपर्क में आने से कई पशु काल के गाल में समा चुके हैं। सब कुछ जानकर आला अधिकारी हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं।
इस मामले में विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता एसके सरोज ने बताया उपभोक्ताओं की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है। अधिशासी अभियंता से रिपोर्ट मांगी गई है। यदि इस प्रकार की समस्या होगी तो उसका समाधान कराया जाएगा।
बांस के पोल के सहारे हो रही विद्युत आपूर्ति
मऊ। नगर क्षेत्र के नरजा पेट्रोल पंप के पास ताजोपुर गांव में बांस के पोल से विद्युत आपूर्ति आपूर्ति की गई है। तार काफी नीचे तक लटक गए हैं। इससे वाहनों के गुजरने के दौरान हादसा होने की संभावना रहती है। शिकायत के बाद भी आश्वासन के सिवाय कुछ भी हासिल नहीं हो सका है।
जर्जर तार को अविलंब बदला जाए
मऊ। नगर के ताजोपुर वार्ड के मुख्य मार्ग पर जर्जर तार के लटके रहने तथा गलियों में जर्जर केबल जमीन से गुजरने से लोग दहशत में जी रहे हैं। शिकायत के बाद भी सुनवाई न होने से लोग आंदोलित हैं। इस संबंध में देवंती देवी का कहना है कि गलिया में जमीन से होकर गुजरी केबल जगह-जगह कट जाने से हमेशा खतरा बना रहता है। बिजली बिल जमा करने के बाद भी बिजली विभाग की तरफ से ध्यान नहीं दिया जा रहा ह्रै।
इसी क्रम में सोनू कुमार का कहना है कि मुख्य मार्ग पर लटके विद्युत तार के आए दिन टूटने से दुर्घटना से लोग बाल-बाल बच रहे हैं। शिकायत के बाद भी अधिकारी मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। आस्तिक मिश्रा का कहना है कि बिजली समस्या का समाधान करने के लिए आला अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया गया, लेकिन नतीजा सिफर है। रामाशीष का कहना था कि समय से बिजली बिल अदा करने के बाद भी विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को ठीक नहीं किया जा सका है। समस्या का अविलंब समाधान नहीं किया गया तो हम लोग आंदोलन करने के लिए बाध्य हो जाएंगे।