नगर पालिका कम्युनिटी हाल में बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में संवर्धन योजना के तहत क्लस्टर आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिला जज संजय कुमार यादव द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जनपद न्यायाधीश ने पराविधिक स्वयंसेवक अधिकार मित्रों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर श्रेष्ठ पराविधिक स्वयंसेवक के रूप में पुरस्कृत किया।
अपने संबोधन में जिला जज ने कहा कि समाज के हर व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने में पराविधिक स्वयंसेवकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पराविधिक स्वयंसेवक (अधिकार मित्र) आमजन में, विशेष रूप से समाज के कमजोर वर्ग के लोगों को विधिक रूप से शिक्षित करें।
जिससे वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सकें तथा संवैधानिक और वैधानिक अधिकारों का लाभ उठाते हुए विधि के अनुसार अपने कर्तव्यों और दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
इस दौरान मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के चन्द्रगुप्त, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय निरंजनचंद्र पांडेय, एडीजे दीप नारायण तिवारी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट डॉ. कृष्ण प्रताप सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव साक्षी सिंह और पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर मौजूद रहे।