मऊ। रोटरी क्लब के तत्वावधान में रविवार की देर शाम को तमसा नदी को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से श्री अमरनाथ सेवा समिति शांति कुंज गायघाट स्थित महादेव मंदिर परिसर में तमसा तट पर दीपोत्सव कार्यक्रम किया गया।
मधुबन विधानसभा के भाजपा विधायक रामविलास चौहान, नगर पालिका परिषद के सदस्य अधिकारी दिनेश यादव एवं डीएफओ प्रभाकांत पांडेय ने रोटरी दीप जला जनमानस का आह्वान किया कि तमसा नदी को स्वच्छ रखें। विधायक रामविलास चौहान ने कहा कि तमसा नदी में जलधारा बढ़ाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मिशन मंत्री से मुलाकात कर जल्द ही प्रयास किया जाएगा। कहा कि जिले की प्रमुख के अस्तित्व को बचाने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करना होगा। तमसा नदी में निरंतर पानी का बहाव बनने से हमारा जीवन सुरक्षित रह सकेगा।
पूर्व अध्यक्ष और कार्यक्रम के संयोजक डॉ एचएन सिंह ने कहा कि तमसा नदी में पानी कम होने की वजह से तमाम दुश्वारियां उत्पन्न हो रही हैं। पानी नहाने लायक नहीं रह गया है। इस अवसर पर रोटरी क्लब के अध्यक्ष प्रदीप सिंह, पुनीत श्रीवास्तव, डॉ संजय सिंह, अजीत सिंह, सचिंद्र सिंह, सचिंद्र सिंह, डॉ शशांक शेखर सिंह आदि मौजूद रहे।