घोसी सांसद राजीव राय ने तालीमुद्दीन इंटर कॉलेज के पास हैदर नगर और अलीपुर को जोड़ने वाली सड़क पर अंडरपास बनाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने मऊ से दक्षिण भारत के लिए कोई भी सुपरफास्ट ट्रेन न चलाए जाने पर बुनकरों के व्यवसाय पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को भी रेखांकित किया।
सांसद राजीव राय ने संसद में कहा कि पिछले दो सालों में उन्होंने मऊ से दिल्ली, मऊ से मुंबई, मऊ से लखनऊ और मऊ से इलाहाबाद के लिए विभिन्न सुपरफास्ट ट्रेनों के संचालन के लिए रेल मंत्री से कई बार मांग की।
उन्होंने मऊ से वंदे भारत और उसके समकक्ष सुपरफास्ट ट्रेनों के संचालन की भी मांग की। रेल मंत्री ने कई बार आश्वस्त किया कि जल्द ही ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाएगा, लेकिन आज तक वंदे भारत या उसके समकक्ष ट्रेनों का संचालन मऊ से प्रारंभ नहीं हो सका है।
सदन में रेल मंत्री को लिखे अपने पुराने पत्रों का जिक्र करते हुए सांसद ने कहा कि उन्होंने पिपरीडीह, लोहारपुरा गोंठा, बहादुरपुर (दोहरीघाट), रसूलपुर, हैदर नगर, कसारा मोड़ से जयरामगढ़, रतनपुर से इटैली समेत अन्य स्थानों पर अंडरपास बनाने की लिखित मांग की थी।
रेल मंत्री के तमाम आश्वासनों के बावजूद लगभग दो साल बीतने के बाद भी कहीं काम शुरू नहीं हो सका। घोसी सांसद ने तालीमुद्दीन इंटर कॉलेज के पास हैदर नगर और अलीपुर को जोड़ने वाले सड़क पर अंडरपास बनाने की अपनी पूर्व में की गई लिखित मांग को सदन में पुनः दोहराया।