संवाद न्यूज एजेंसी
चिरैयाकोट। नगर पंचायत के 15 वार्डों में बिजली कटौती इन दिनों वार्डवासियों के लिए परेशानी का सबब बन रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जर्जर तार आए दिन टूटते रहते हैं, इससे कई घंटों तक मरम्मत के नाम पर बिजली आपूर्ति ठप रहती है।
स्थानीय निवासी रमेशचंद, अशोक, संजय, विपुल, मोनू गुप्ता, राजेश सिंह, राकेशचंद, हरिओम यादव, गुड्डू यादव और रामजीत यादव का कहना है कि मुहम्मदाबाद गोहना बिजली केंद्र से जुड़े बक्तावरगंज से नगर पंचायत में बिजली आपूर्ति होती है।
बताया कि नगर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति के लिए खंभों के तार काफी जर्जर हो गए हैं, बिजली आपूर्ति के समय खंभों और तारों के बीच में बांधे गये जंफर से स्पॉर्किंग होती है।
इससे जंफर के उड़ने और तारों के टूटते रहने का क्रम बना हुआ है। उन्होंने बताया कि इससे आए दिन बिजली आपूर्ति बाधित होती रहती है।
आपूर्ति बंद होने के बाद भी घंटों तक कर्मचारी नहीं पहुंचते हैं। लोगों का कहना है कि बार-बार तारों के टूटने और जंफरों के उड़ते रहने से परेशानी अधिक बढ़ गई है।
वहीं इस भीड़ भरी नगर पंचायत वाले बाजार में टूटते तारों से हमेशा खतरे का अंदेशा रहता है। लोगों ने बताया कि जर्जर तारों को बदल कर आपूर्ति को शेड्यूल के अनुसार बिजली आपूर्ति की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक तक लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।