बहन और भाई के स्नेह का पर्व रक्षाबंधन शनिवार को जिले में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर बहनों ने भाइयों की कलाई पर प्रेम भरा धागा बांध कर पर्व के पवित्र रस्म को निभाया।
वहीं भाइयों ने अपनी बहनों को ढेरों उपहार दिए। सुदूर रहने वाली बहनों के पास पहुंच कर भाइयों ने राखी बंधवाने की रस्म पूरी की। इस त्योहार की रौनक कस्बाई इलाकों से कहीं अधिक ग्रामीण क्षेत्रों में नजर आई।
मझवारा : क्षेत्र के सेमरी, पवनी, लुदुही, मझवारा, चचाईपार, सिकरौर, पतिला सहित विभिन्न इलाकों में रक्षाबंधन का पर्व पारंपरिक तौर पर मनाया गया। बहनों ने भाइयों को राखी बांध कर एक दूसरे के प्रति अपना फर्ज निभाने की शपथ ली।
इंदारा : क्षेत्र के लैरोदोनवार, रइसा, इंदारा, महुंआर, कोपा कोहना, मुहम्मदपुर सहित विभिन्न गांवों में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया। बहनों ने जहां भाइयों को रक्षा बांधकर उन्हें तिलक लगाकर दीर्घायु की कामना किया।
बढुआगोदाम/ पिपरीडीह : क्षेत्र के डुमरांव, ताजोपुर, बहरीपुर, इमिलियाडीह, बढुआगोदाम, उस्मानपुर, खरगजेपुर, भार, रैकवारडीह, कहिनौर सहित विभिन्न गांवों मेें रक्षाबंधन का पर्व धूमधाम से मनाया गया।
घोसी : कस्बा सहित क्षेत्र के विभिन्न इलाकों मेें रक्षाबंधन का पर्व धूमधाम से मनाया गया। भाई-बहन के स्नेह और अटूट रिश्ते का प्रतीक रक्षाबंधन के दिन शनिवार की सुबह सावन के रिमझिम बरसात के बीच बहने राखियां बांधने के लिए पहुंची।
बहनों ने सुंदर थाल सजाकर भाइयों की आरती उतारने के साथ ही तिलक लगाकर राखी बांधकर रक्षा का संकल्प लिया। भाइयों ने उपहार देकर बहनों का आशीर्वाद लिया और जीवनभर रक्षा का वचन निभाने का संकल्प लिया।
रक्षाबंधन पर पुलिस लाइन में रोटरी क्लब मऊ के तत्वावधान में क्लब के परिवार की बच्चियों ने पुलिस के जवानों को राखी बांधकर उनके प्रति आभार और सम्मान व्यक्त किया।
पुलिसकर्मियों ने भी वचन दिया कि वे सदैव जनसेवा और समाज की रक्षा के लिए तत्पर रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में क्लब के अध्यक्ष डॉ. एके सिंह और सचिव डॉ. एस खालिद ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन का पर्व नहीं, बल्कि यह सुरक्षा, विश्वास और एकता का प्रतीक है।
उन्होंने सभी उपस्थित लोगों और पुलिस प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ सदस्य डॉ. एस.सी. तिवारी, डॉ. असगर अली, प्रदीप सिंह, सचिंद्र सिंह, मनीष तानवानी, डॉ. नासिर अली, डॉ. आसिफ उस्मानी, डॉ. राजीव वर्मा, प्रतीक जायसवाल उपस्थित रहे।