नगर के सहादतपुरा स्थित ग्राउंड पर बुधवार को खेले गए 30-30 ओवरों के मुकाबले में प्रतीक क्रिकेट अकादमी मऊ ने सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम आजमगढ़ को आठ विकेट से हरा दिया। अश्वनी यादव को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आजमगढ़ की टीम प्रतीक क्रिकेट अकादमी के गेंदबाजों के सामने 20.1 ओवर में 113 रन पर सिमट गई। अभिषेक प्रजापति ने सर्वाधिक 30 रन बनाए, जबकि ओम प्रकाश ने 15, अभी सिंह ने 12 और शिवांश राय ने भी 12 रन का योगदान दिया।
मऊ की ओर से आदित्य यादव और आदित्य कुशवाहा ने तीन-तीन विकेट लिए। अर्पित गोंड को दो और वैभव तिवारी को एक विकेट मिला। 114 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रतीक क्रिकेट अकादमी की टीम ने 9.4 ओवर में दो विकेट खोकर 115 रन बना लिए।
अश्वनी यादव ने 49 रन और अनुज मौर्य ने 34 रन बनाए, जबकि मोनू जायसवाल 14 रन बनाकर नाबाद रहे। मैच में अंपायर की भूमिका सर्वेश कुमार और अजय राज ने निभाई, जबकि अंश कुमार ने स्कोरिंग की जिम्मेदारी संभाली।