जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने बुधवार को ईवीएम और वीवीपैट गोदाम में चल रहे प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने इंजीनियरों और टेक्नीशियनों को जांच पूरी सावधानी से निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा भारत निर्वाचन आयोग के मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से एफएलसी की प्रक्रिया को ध्यानपूर्वक समझने और उसके विभिन्न चरणों से अवगत होने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी पक्षों की सहभागिता और प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी से निर्वाचन व्यवस्था में विश्वास और पारदर्शिता मजबूत होगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जांच के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार भी उपस्थित रहे।