फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

निजामुद्दीनपुरा मुहल्ले के 500 घरों में दो दिन से बिजली गुल

विज्ञापन
विज्ञापन
मऊ। नगर क्षेत्र के निजामुद्दीनपुरा मुहल्ले में भूमिगत केबल परियोजना के तहत बिछाई गई केबल बाक्स का तीसरा प्वाइंट जल जाने से मुहल्ले में 48 घंटे से विद्युत आपूर्ति ठप है। इससे मुहल्ले के 500 परिवार के लोगों को अंधेरे में जीवन यापन करना पड़ रहा है। लापरवाही की स्थिति यह है कि वैकल्पिक व्यवस्था के तहत खंभे पर केबल बिछाने के लिए बंडल काफी समय से रखा है, लेकिन अभी तक खंभे पर बिछाया नहीं जा सका है। अमर उजाला ने मुहल्ले की बिजली समस्या को प्रमुखता से कई बार प्रकाशित किया था। नाराज मुहल्लेवासियों ने रविवार को प्रदर्शन कर बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
विज्ञापन

नगरीय क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए वर्षों पहले बिछाई गई करोड़ों की भूमिगत केबल परियोजना बदहाल हो चुकी है। नगर के निजामुद्दीनपुरा मुहल्ले में बिछाई गई भूमिगत केबल परियोजना के तहत करीब 500 परिवारों को विद्युत आपूर्ति की जाती है। महीनों से मुहल्ले में तकनीकी गड़बड़ी के कारण केबल बाक्स का दो प्वाइंटर जल चुके हैं। तीसरे प्वाइंट से जुगाड़ कर विद्युत आपूर्ति की जा रही थी।
विभागीय लापरवाही की स्थिति यह रही कि केबल तो बिछा दी गई, लेकिन लंबे समय बाद भी लोकेटर मशीन की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की जा सकी है। विभाग की तरफ से वैकल्पिक व्यवस्था के तहत खंभों के माध्यम से केबल बिछाकर विद्युत आपूर्ति किए जाने का आदेश तो जारी किया लेकिन केबल का बंडल रखकर इतिश्री कर दिया गया। मुहल्ले की इस बिजली समस्या को अमर उजाला ने दो सितंबर 2021 को ‘भूमिगत केबल परियोजना बदहाल फाल्ट की नहीं हो पाती है मरम्मत’ शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
विज्ञापन

लोगों ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर करने के लिए विभागीय अधिकारियों को कई बार अल्टीमेटम दिया था। गत शनिवार की सुबह केबल बाक्स का तीसरा प्वाइंटर जलने के बाद मुहल्ले की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। शिकायत के बाद भी सुनवाई न होने से सभासद दुर्गेश सिंह के नेतृत्व में नाराज मुहल्ले वासियों ने बिजली अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अधिकारियों के गैर जिम्मेदाराना रवैए के चलते भूमिगत केबल परियोजना बदहाल हो चुकी है।
केबल बाक्स का तीसरा प्वाइंट जल गया, लेकिन विभागीय अधिकारी आज कल कहकर मामले से पल्ला झाड़ रहे हैं। शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो हम लोग अधीक्षण अभियंता तथा अधिशासी अभियंता कार्यालय का घेराव करने को बाध्य हो जाएंगे। इस मामले में अधीक्षण अभियंता एसके सरोज ने बताया कि निजामुद्दीनपुुरा मुहल्ले में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बहाल करने के लिए अधिशासी अभियंता को निर्देश दिया गया है। शीघ्र ही विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
उपभोक्ता बोले: लापरवाह ठेकेदार के खिलाफ हो कार्रवाई
मऊ। निजामुद्दीनपुरा मुहल्ले में भूमिगत केबल परियोजना बदहाल होने से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ती ही जा रही है। केबल बाक्स का तीसरा प्वाइंट जलने से दो दिन से बिजली गुल होने से लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। राजू सिंह का कहना था कि फाल्ट ढूंढने के लिए लोकेटर मशीन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही लापरवाह ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस संबंध में राहुल सिंह का कहना था कि बिजली गुल होने के चलते एक-एक पल बिताना मुश्किल हो रहा है। दिव्यांशु राय का कहना था कि विभागीय अधिकारियों को कई बार शिकायती पत्र दिया गया, लेकिन आश्वासन के सिवाय कुछ भी हासिल नहीं हो सका है। अनुभव दुबे का कहना था कि समय से बिल जमा करने के बाद भी अंधेरे में जीवन यापन करना पड़ रहा है। मामले का अविलंब निस्तारण नहीं किया गया तो हम लोग चुप नहीं बैठेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें