दोहरीघाट थाना क्षेत्र के मादी सिपाह पुलिस चौकी प्रभारी रामलोचन सिंह और सिपाही श्रवण कुमार तिवारी को एसपी ने शनिवार को निलंबित कर दिया और उन्हें पुलिस लाइन से संबद्ध कर दिया। चौकी में शराब पीते हुए वीडियो वायरल होने पर एसपी ने यह कार्रवाई की है।
आरोप है कि पिछले सप्ताह फरियाद लेकर गए ग्रामीणों की सुनवाई नहीं हुई। सिपाही श्रवण कुमार तिवारी ने शराब के नशे में अभद्र व्यवहार किया। इसी दौरान एक व्यक्ति ने मोबाइल से वीडियो बना लिया और अंदर जाकर देखा तो वहां शराब की बोतल भी पड़ी थी।
बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। एसपी कमलेश बहादुर ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच कराई गई। प्रारंभिक जांच में चौकी में अनुशासनहीनता और लापरवाही सामने आई है।
चौकी प्रभारी द्वारा इस पूरे मामले में न तो कोई कार्रवाई की गई और न ही उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई, जो गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है।
उन्होंने कहा कि विभागीय अनुशासन से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक एवं विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी।