ब्लाक परिसर में पोखरा खुदाई का कार्य प्रारंभ
एक लाख 99 हजार की लागत से होगी पोखरा की खुदाई
संवाद न्यूज एजेंसी
रतनपुरा। स्थानीय खंड विकास अधिकारी कार्यालय के आवासीय परिसर में शहीद स्मारक के पास मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा एवं डीसी मनरेगा उपेंद्र कुमार पाठक ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नारियल फोड़कर एक लाख 99 हजार रुपयों की लागत से पोखरा खुदाई कार्य का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर सीडीओ ने कहा कि पोखरों का हमारे जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है। कभी समय था गांवों में पोखरा और तालाबों का संरक्षण सभी मिलकर किया करते थे परंतु विगत कुछ समय से लापरवाही के चलते पोखरे एवं तालाबों के अस्तित्व पर संकट आने लगा, जिससे जनजीवन भी प्रभावित हुआ। कहा कि मानव के साथ ही साथ पशु-पक्षियों के अस्तित्व पर भी संकट मंडराने लगा। भूगर्भ जलस्तर नीचे जाने लगा और पेयजल की समस्या बढ़ने लगी। इसे ध्यान में रखते हुए शासन ने पोखरों एवं तालाबों की खुदाई कराकर जहां एक तरफ जलस्तर को बनाए रखने की कवायद की वहीं दूसरी तरफ सभी जीवों के लिए भी भविष्य के सपने संजोए गए। खंड विकास अधिकारी दिवाकर सिंह ने आवासीय परिसर में पोखरा खुदाई, सेनानी स्थल का सुंदरीकरण एवं पौधरोपण के माध्यम से इस स्थान को सुरम्य रमणीय स्वरूप देने की योजना बताई। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान जय किशोर गुप्ता, एपीओ मनरेगा असलम, धर्मेंद्र शुक्ला, गिरीश चंद्र, राकेश राय, सुनील गिरी, गोलू गुप्ता आदि उपस्थित रहे। पहले दिन 34 महिला एवं 12 पुरुष मनरेगा मजदूरों ने कार्य किया।