पिपरीडीह। वाराणसी भटनी रेलखंड स्थित पिपरीडीह रेलवे स्टेशन के पास स्थित रेलवे फाटक आए दिन खराब हो जाता है। जिससे घंटों वाहनों की लाइन लग जाती है। मंगलवार की सुबह 11:15 बजे मऊ की तरफ से आ रही मालगाड़ी को पास देने के लिए फाटक बंद किया गया था। मालगाड़ी गुजरने पर गैटमैन ने फाटक उठाया, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण एक बूम ऊपर नहीं उठा। रेलवे ट्रैक पर करीब 15 मिनट तक वाहनों की कतार लग गई। चिलचिलाती धूप में राहगीर खड़े रहे। गेटमैन ने स्टेशन अधीक्षक को सूचना देते हुए मरम्मत करने लगा।
तकनीकी टीम के पहुंचने तक गेटमैन ने खामी ठीक करके बूम ऊपर उठा दिया। गनीमत रहा कि उस दौरान किसी ट्रेन के आने का समय नहीं था। इससे पहले बीते रविवार को तेज रफ्तार ऑटो के धक्के से बूम टूट गया था। तकनीकी टीम ने पहुंचकर स्लाइडर बूम से क्राॅसिंग बंद करके एक घंटे की मशक्कत से बूम को जोड़ा था। क्राॅसिंग पर बाइक लेकर फंसे मनोज यादव, सतेंद्र पांडेय गुड्डू, संजय, राजेश पांडेय आदि राहगीरों ने बताया कि फाटक महीने में दो से तीन बार खराब होने से बंद रहता है। जिसके चलते आने जाने में परेशानी होती है।