घोसी। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के चीनी मिल के पास रविवार सुबह सात बजे अनियंत्रित पिकअप ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद जैसे लोगो ने उसे रोकने की कोशिश तो चालक बैक कर वापस भागने के प्रयास में सड़क किनारे से कोचिंग जा रही छात्रा को कुचल दिया। हादसे के बाद दोनों घायलों को मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद पिकअप चालक भाग निकला। सूचना मिलने के बाद पुलिस सीसी कैमरों से आरोपी पिकअप चालक की तलाश में जुटी है।
जानकारी अनुसार घोसी के दौलतपुर निवासी जगतू (50) नींबू पानी बेचने का काम करता है। वह रविवार सुबह रोज की तरह साइकिल से बर्फ की सिल्ली लेने के लिए घोसी आ रहा था। अभी वह चीनी मिल के पास पहुंचा था कि दोहरीघाट से आ रहे तेज रफ्तार पिअकप ने उसे टक्कर मार दी।टक्कर लगते ही आस-पास के लोगों ने उसे रोकना चाहा तो पिकअप चालक ने गाड़ी को बैक कर वापस भागने की कोशिश में सड़क पर पैदल कोचिंग जा रही बड़ागांव निवासी खुशी मोदनवाल (16 )को टक्कर मारते हुए फरार हो गया। खुशी 12 वीं की छात्रा है। एक निजी स्कूल में पढ़ती थी। उधर हादसे के बाद दोनों घायलों को लोग घोसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, यहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस बाबत कोतवाल मनोज सिंह का कहना है कि घटना के बाद पुलिस आरोपी चालक की पहचान और उसे गिरफ्तार करने के लिए घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच की जा रही है।
_____________
दो घरों में पसरा मातम, एक का सब कुछ चला गया दूसरे ने खो दी मेधावी प्रतिभा
घोसी। हादसे में मृत जगतू परिवार का एक मात्र कमाऊ सदस्य था। घटना के बाद उसके तीनों बेटे राकेश, हर्ष, नितेश और बेटी शानी और पत्नी विद्यावती का रो-रोकर हाल बेहाल था। जबकि किशोरी खुशी तीन बहन में सबसे छोटी थी, उससे बड़ी बहनों में अंजली, नंदनी और उसका भाई विशाल है। घटना से उसकी मां सीमा देवी और परिवार के सभी सदस्यों को रो रोकर हाल बेहाल था।