दरगाह में आयोजित मेले में पहुंचे श्रद्धालु।संवाद
मधुबन तहसील क्षेत्र के दरगाह स्थित सूफी-संत सैयद मीरा शाह बाबा के मजार पर गुरुवार को सातवें विराम मेले का आयोजन किया गया। यह इस वर्ष आयोजित कुल सात मेलों का अंतिम मेला था, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
बारिश के बावजूद आस्था भारी रही और सुबह से देर शाम तक भक्तों का तांता लगा रहा। कई श्रद्धालुओं ने मुरादें पूरी होने पर गाजे-बाजे के साथ बाबा के दरबार में शीश झुकाया। उन्होंने अपने और परिवार के लिए सुख-समृद्धि की कामना की।
बड़ी संख्या में लोगों ने मजार पर चादरपोशी भी की। वहीं, मजार स्थल के बाहर लगे मेले में महिलाओं और बच्चों ने जमकर खरीदारी की। बच्चों ने विभिन्न प्रकार के झूलों जैसे टॉय ट्रेन, आसमानी झूला और ब्रेक डांस का आनंद लिया।
बाबा के प्रसाद के रूप में प्रसिद्ध कटहल और खजला की अच्छी बिक्री हुई। कटहल 100 रुपये से 400 रुपये तक और खजला 60 से 100 रुपये तक बिका। राजस्थानी घेवर भी 60 से 100 रुपये में खूब बिका।
मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। इसमें महिला पुलिस बल और पीएसी के जवान भी शामिल थे। थाना प्रभारी केके गुप्ता ने स्वयं मेले की गतिविधियों की निगरानी की। मजार कमेटी के स्वयंसेवक भी श्रद्धालुओं की सहायता में जुटे रहे।
मेला कमेटी के अध्यक्ष सैयद सबी अहमद ने दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं, क्षेत्रीय जनता, पुलिस प्रशासन और स्वयंसेवकों का आभार प्रकट किया। उनके प्रयासों से सभी सात मेले सफलतापूर्वक संपन्न हुए।