मऊ। रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों द्वारा दूर रहने वाले भाइयों को राखी भेजने के लिए डाक विभाग की ओर से कोई विशेष पैकेज की घोषणा नहीं की गई है। लिफाफों में भेजी जाने वाली राखियां रास्ते में खराब न हों, इसके लिए डाक विभाग की ओर से प्लास्टिक कोटेड लिफाफों की व्यवस्था की गई है। लेकिन विभाग इन लिफाफों की कीमत वसूल करेगा। इन लिफाफों की कीमत दस रुपये वसूली जाएगी।
रक्षा बंधन भाई बहन के रिश्तों का पवित्र त्योहार है। इस पर्व पर बहनें दूर दराज रहने वाले अपने भाइयों को डाक से राखी भेजती हैं। कई बार मंहगी राखियां साधारण लिफाफों में रखने से विभाग द्वारा बैगों में भरकर भेजे जाने पर रास्ते में ही खराब हो जाती हैं। इसकी शिकायतें आने पर विभाग की ओर से राखी भेजने के लिए विशेष प्रकार के लिफाफों का प्रयोग करने का फैसला लिया गया। इसके तहत अब प्लास्टिक कोटेड लिफाफों का प्रचलन शुरू किया गया है।
विभाग इस लिफाफे की कीमत दस रुपये वसूल करेगा। चूूंकि अभी रक्षाबंधन पर्व एक महीने से भी अधिक बाद में आने वाला है। इसलिए प्रधान डाकघर सहित जिले के किसी भी डाकघर में यह विशेष प्रकार का प्लास्टिक कोटेड लिफाफा उपलब्ध नहीं है। इस बारे में प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर पीके सिंह कहते हैं कि चूंकि अभी रक्षा बंधन पर्व में काफी समय है, इसलिए प्लास्टिक कोटेड लिफाफा विभाग के पास उपलब्ध नहीं है। लिफाफों की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि रक्षा बंधन पर विभाग की ओर से महिलाओं को अन्य कोई विशेष राहत पैकेज की घोषणा नहीं की गई है।