नगर के ब्रह्मस्थान स्थित पेट्रोलपंप पर बिना हेलमेट के बाइक सवार को पेट्रोल देते पंपमैन। संवाद
मऊ। जनवरी से जुलाई तक 211 सड़क दुर्घटनाओं में 109 लोगों की जान चली गई। इनमें से 70 फीसदी ने बाइक चलाते समय हेलमेट नहीं लगाया था।
इसको लेकर पुलिस और जिला प्रशासन ने जनवरी माह में नो हेलमेट नो फ्यूल अभियान चलाया था। लेकिन जागरूकता के अभाव में वो कारगर नहीं रहा। सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ते मौत के आंकड़ों को कम करने के लिए जिला और पुलिस प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई से 01 से 30 सितंबर तक नो हेलमेट नो फ्यूल अभियान चलाया जाएगा।
जगह जगह कैंप लगाकर बाइक चालकों को जागरूक करने के साथ ही अब पेट्रोल पंपों पर भी प्रशासन की विशेष निगाह रहेगी। चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट पेट्रोल देते और सीसी कैमरा बंद मिलने पर संचालकों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
डीएम ने सभी पेट्रोल पंप मालिकों को पंप पर काम करने वाले कर्मचारियों की कार्यशाला आयोजित कर प्रशिक्षण देने को कहा है। जिससे वो इस अभियान में मदद कर सकें।
हर महीने हेलमेट नहीं लगाने से हो रही मौत और सिर में गंभीर चोट के आंकड़ों को कम करने के लिए शासन के निर्देश पर जिला सड़क सुरक्षा समिति की ओर से नो हेलमेट नो फ्यूल अभियान चलाया जाएगा। इससे पहले जनवरी में इसे लागू किया गया था, लेकिन इसका पालन नहीं हो पाया न ही जिम्मेदार ठीक तरह से निगरानी कर पाए थे।