मऊ। त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के लिए सोमवार की दोपहर में दिल्ली से मतपत्र लेकर एसओसी यहां पहुंच गए। कोपागंज और मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाकों के जिला पंचायत सदस्य और रानीपुर ब्लाक के प्रधान प्रत्याशियों के इन मतपत्रों को संबंधित ब्लाक मुख्यालयों को भेज दिया गया।
बता दें कि फतेहपुर मंडाव, रतनपुरा, रानीपुर और परदहां ब्लाक के सभी पदों के प्रत्याशियों के मतपत्र कलेक्ट्रेट स्थित ट्रेजरी से संबंधित ब्लाकों को दे दिए गए थे लेकिन कोपागंज और मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाकों के जिला पंचायत सदस्य पद और रानीपुर ब्लाक के प्रधान पद के प्रत्याशियों के मतपत्र कम पड़ गए थे। इन्हें दिल्ली से लाने के लिए एसओसी गोरखनाथ कई दिन पहले ही गए थे।
मऊ जनपद से मतपत्र आजमगढ़ में हुुए प्रथम चरण के मतदान के लिए भेज दिए गए थे। निर्वाचन आयोग ने जनपद में कम पड़ गए मतपत्रों को दिल्ली से लाने का निर्देश दिया था। इन मतपत्रों को लाने लिए मतपत्र प्रभारी एसओसी गोरखनाथ दिल्ली गए थे। वे रविवार को यहां नहीं पहुंच पाए। इन पदों के लिए नौ लाख पांच हजार मतपत्रों को लेकर वे सोमवार की दोपहर12 बजे यहां पहुंच गए।
उधर इन मतपत्रों को ले जाने के लिए आरओ को पहले से ही बुला लिया गया था। एसओसी गोरखनाथ ने बताया कि मुहम्मदाबाद गोहना और कोपागंज ब्लाकों के जिला पंचायत सदस्य पदों के मतपत्र तथा रानीपुर ब्लाक के प्रधान पद के मतपत्र संबंधित ब्लाकों के रिटर्निंग अफसरों को सौंप दिए गए।