जिले के माध्यमिक और परिषदीय विद्यालयों में बुधवार से नया सत्र शुरू हो गया। स्कूल पहुंचने वाले बच्चों का शिक्षकों ने अपने हाथों से रोली-चंदन का टीका और फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया। विभाग की तरफ से बच्चों में नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया। बच्चों में उत्साह का माहौल रहा।
इस अवसर पर जिले में ब्लॉकस्तरीय स्कूल चलो अभियान रैली निकालकर परिषदीय विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन कराने के प्रति अभिभावकों को जागरूक करने का प्रयास किया गया।
जिले के परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चे और शिक्षक अमर उजाला समाचार पत्र पढ़ते नजर आए। बच्चों और शिक्षकों का कहना था कि अमर उजाला अखबार पढ़ने से सामान्य ज्ञान के साथ देश-विदेश में घटित होने वाली घटनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी मिलती है।
जिले में 1208 परिषदीय, 17 राजकीय, 67 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय सहित 2500 से अधिक विद्यालय हैं। बेसिक शिक्षा विभाग और माध्यमिक शिक्षा विभाग से रिजल्ट लेने के बाद बच्चे बुधवार को विद्यालय की अगली कक्षा में पहुंचे तो काफी उत्साहित नजर आए। विभाग की तरफ से पहले दिन बच्चों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकें वितरित कराई गईं।
नगर के शिक्षा विभाग कॉलोनी स्थित प्राथमिक विद्यालय पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय ने बच्चों को फूलमाला पहनाकर तिलक लगाकर स्वागत किया। नामांकित बच्चों को पाठ्य-पुस्तक वितरित की गई।
कुसुम्हा : क्षेत्र के परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों में बुधवार से नया सत्र शुरू हो गया। ब्लॉक संसाधन केंद्र दोहरीघाट के प्रांगण से ब्लॉक स्तरीय स्कूल चलो रैली का शुभारंभ किया गया। रैली को मुख्य अतिथि प्रतिनिधि ब्लॉक प्रमुख दोहरीघाट संदीप कुमार राय उर्फ रिंकल राय और खंड शिक्षा अधिकारी मुकेश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। खंड शिक्षा अधिकारी मुकेश कुमार ने शत-प्रतिशत नामांकन कराने के लिए अभिभावकों का आह्वान किया।
मुहम्मदाबाद गोहाना : क्षेत्र के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में बुधवार से नया शिक्षा सत्र शुरू हो गया। स्कूल पहुंचने वाले बच्चों का शिक्षकों ने अपने हाथों से रोली-चंदन का टीका और फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया। उच्च प्राथमिक विद्यालय सुरहुरपुर में पहले दिन 331 के सापेक्ष 301 बच्चे उपस्थित रहे।
बढ़ुआगोदाम : क्षेत्र के परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों में बुधवार से नया सत्र शुरू हो गया। स्कूल पहुंचने वाले बच्चों का शिक्षकों ने अपने हाथों से रोली-चंदन का टीका और फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया। उच्च प्राथमिक विद्यालय इटौराडोरीपुर में बच्चे और शिक्षक अमर उजाला अखबार पढ़ते नजर आए।
0
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया विद्यार्थियों का अभिनंदन
कोपागंज ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में बुधवार से नया शिक्षा सत्र शुरू हो गया। इस अवसर पर उच्च प्राथमिक विद्यालय भरथिया कादीपुर, प्राथमिक विद्यालय कोपा कोहना प्रथम, काछी कला में बच्चों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर में अक्षत, पुष्प और रोली से तिलक लगाकर तथा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विद्यार्थियों का अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली में प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय भरथिया कादीपुर के छात्र-छात्राओं ने संयुक्त रूप से भाग लिया। यह रैली बस्ती के विभिन्न मजरों-वनपुरवा, चौहान बस्ती, मड़ई, बहेलिया डीह स्थान सहित शारदा नहर और इंदारा-रजवाहा मार्ग से होते हुए निकली। गगनभेदी नारों के माध्यम से ग्रामीणों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
शिक्षकों ने बताया कि ग्राम पंचायत भरथिया कादीपुर के सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के साथ मंझरियानथनपुरा सहित आसपास के क्षेत्रों के बच्चों को भी विद्यालय से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने संकल्प दोहराया- एक भी बच्चा छूट गया, संकल्प हमारा टूट गया।
इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय कोपा कोहना प्रथम के बच्चों ने भी नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में जागरूकता रैली निकाली, जो पुनः विद्यालय परिसर में आकर संपन्न हुई। कार्यक्रम के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों की नियमित उपस्थिति और शिक्षा के महत्व के प्रति प्रेरित किया गया।
सूरजपुर : क्षेत्र के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में बुधवार से नया शिक्षा सत्र शुरू हो गया। शैक्षिक सत्र के पहले दिन स्कूल चलो अभियान के तहत प्राथमिक विद्यालय चंद्रबारी में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
विद्यालय परिसर को फूल-पत्तियों और रंग-बिरंगे गुब्बारों से आकर्षक रूप से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया। विद्यालय पहुंचे बच्चों का रोली-चंदन का तिलक लगाकर पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया गया। इस अनोखे स्वागत से बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला और उनके चेहरे खिल उठे।
मध्याह्न भोजन में बच्चों के लिए विशेष रूप से खीर और हलवा बनवाया गया। इस अवसर पर प्रभारी प्रधानाध्यापक बबीता ने बताया कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कर उन्हें शिक्षा से जोड़ना है। कार्यक्रम में सहायक अध्यापक गोविंद कुमार, शिक्षामित्र मंजू देवी आदि शामिल थे। संवाद