झमाझम बारिश के बीच नगर के फातिमा तिराहा से जाता बाइक सवार।
- फोटो : mau
रविवार को जिले में झमाझम बारिश हुई। जबकि कुछ देर के लिए हुई तेज धूप से लोग परेशान भी हुए। उधर, बारिश कम होने से खेतों में घास उग आई है। जिसे हटाने के लिए किसान परेशान रहे।
रविवार को आकाश में हल्के बादल सुबह से ही छाए रहे। लेकिन दिन में धूप तेज होती गई और लोग परेशान हो गए। उमस और गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। तेज धूप होने के चलते धान के खेतों में सोहनी कर रहे किसान सुबह 10 बजे के पहले ही घर के लिए चल दिए। लेकिन दोपहर तक फिर बादल उमड़ पड़े और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। रक्षाबंधन पर्व के चलते स्कूलों, कालेजों, आफिसों में अवकाश के चलते सड़कों पर आवाजाही कम रही। चिकित्सकों की मानें तो रुक-रुककर हो रही बारिश के बाद निकली तेज धूप खतरे की घंटी है। जगह-जगह जमा बारिश के पानी में धूप निकलने के बाद मच्छरजनित बीमारियों का प्रकोप बढ़ सकता है। बारिश के फौरन बाद धूप निकलना मच्छरों को पनपने का मौका देता है।
नगर के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. एसएन खत्री का कहना है कि बारिश के बाद धूप निकलने के बाद उमस बढ़ने से संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका भी बढ़ जाती है। गंदगी और बरसात में जमा होने वाले कूड़े पर धूप पड़ने के बाद कई बीमारियां फैलती हैं। इनमें पेट संबंधी बीमारी, उल्टी, दस्त, हैजा, पीलिया आदि का खतरा बना रहता है। ऐसे में बचाव जरूर है। धूप से बचें और कोई भी बीमारी होने पर चिकित्सक से संपर्क करना बेहतर होगा।