मऊ। जनसुविधा केंद्र के रूप में निर्मित किए जा रहे ग्राम सचिवालय व सामुदायिक शौचालय निर्माण में लापरवाही बरतने वाले पंचायत सचिवों के विरुद्ध डीएम के तेवर सख्त हो गए हैं। 31 नवंबर तक सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं कर पाने वाले 17 पंचायत सचिवों को प्रतिकूल प्रविष्टि (नोटिस) दी गई है, जबकि 32 सचिवों को चेतावनी दी गई है। जिन सचिवों को चेतावनी दी गई है कि उनमें मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक, रानीपुर, घोसी, बड़रांव, फतहपुर मंडाव के हैं।
जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल ने मुहम्मदाबाद गोहना,घोसी में संपूर्ण समाधान दिवसों पर सामुदायिक शौचालयों के निर्माण और ग्राम सचिवालयों के निर्माण की प्रगति की समीक्षा किया था। इस समीक्षा में मुहम्मदाबाद गोहना, रानीपुर, बड़रांव और घोसी ब्लाकों के कई गांवों सामुदायिक शौचालयों और ग्राम सचिवालयों का निर्माण पूरा नहीं पाया गया था। जिलाधिकारी के निर्देश पर लापरवाह पाए गए सचिवों को डीपीआरओ अजय कुमार ने 17 सचिवों को प्रतिकूल प्रविष्टि दिया है। जबकि 32 सचिवों को चेतावनी जारी की गई है। जिलाधिकारी ने 31 दिसंबर तक समय दिया है। डीएम ने कहा है कि 31 दिसंबर तक कार्य पूण न कर पाने वाले सचिवों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
उधर लापरवाही करने वाले एडीओ पंचायत को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसके साथ ही लापरवाह 50 ग्राम सचिवों को भी चिह्नित किया गया है। इधर शासन ने 31 दिसंबर तक निर्माण की अवधि बढ़ा दी है।