मऊ। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट/एमपी एमएलए कोर्ट श्वेता चौधरी की कोर्ट में बुधवार को बांदा जेल में बंद पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी की पेशी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के असलहा प्रकरण और सरायलखंसी थाना क्षेत्र के विधायक निधि के दुरुपयोग के मामले मे हुई। जज ने निधि दुरुपयोग मामले में 13 और असलहा प्रकरण मे 20 जून की तिथि सुनवाई के लिए नियत की। अभियोजन के अनुसार, दक्षिण टोला थाना में तत्कालीन थानाध्यक्ष निहाल नंदन की तहरीर पर मुख्तार अंसारी के विरुद्ध फर्जी असलहा प्रकरण में की गई पैरवी को आधार मानते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। जिसमें मुख्तार अंसारी सहित सात लोगों को आरोपी बनाया गया। उक्त मामले में बुधवार को एसीजेएम/एमपी एमएलए कोर्ट में पेशी हुई। इसमें आरोप तय होना है।
दूसरा मामला सरायलखंसी थाना क्षेत्र का है। विधायक निधि के दुरुपयोग मामले में दर्ज मुकदमे में मुख्तार अंसारी की पेशी हुई। मुख्तार अंसारी के अधिवक्ता दारोगा सिंह ने दोनों मामलों मे आरोप पर बहस के लिए समय मांगा। एसीजेएम ने विधायक निधि के दुरुपयोग के मामले में 13 जून और असलहा के मामले में अगली पेशी के लिए 20 जून की तिथि नियत की।