घोसी सीएचसी पर दवा कक्ष में बिना पर्ची के दो युवक दवा मांगने लगे। मना करने पर सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट की। साथ ही वहां मौजूद प्रशिक्षु छात्राओं के साथ अभद्रता की।
मऊ जिले के घोसी सीएचसी पर मंगलवार की दोपहर में दो लोग बिना पर्ची और चिकित्सक के परामर्श के दवा की मांग करने लगे। दवा नहीं देने पर लोगों ने फार्मासिस्ट और सुरक्षाकर्मी से मारपीट करने के साथ प्रशिक्षु छात्राओं के साथ अभद्रता की। फार्मासिस्ट ने नगर क्षेत्राधिकारी को पत्र देकर दोनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन
यह है मामला
फार्मासिस्ट मो. साबिर ने बताया कि मंगलवार की अपराह्न लगभग 12:15 बजे वह चिकित्सक के परामर्श के बाद आने वाले मरीजों का दवा दे रहे थे। उसी बीच दो लोग दवा काउंटर पर आए और बिना पर्ची और चिकित्सक के परामर्श के ही दवा की मांग करने लगे। मना करने पर दोनों कक्ष में घुस गए और अवैध तरीके से पंजीकरण रजिस्टर व पर्ची को फाड़ कर व मरीजों के दवा वितरण कार्य को बाधित करने लगे।
समझाने व बीच-बचाव करने आए सुरक्षाकर्मी राजकुमार यादव व फार्मासिस्ट मो. साबिर के साथ गाली- गलौज और मारपीट की। दवा कक्ष में मौजूद प्रशिक्षु छात्राओं के साथ अभद्रता भी की। पीड़ित ने दोनों आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की। तहरीर मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई।