फोरलेन के किनारे खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह के सदस्य कृष्णा गौंड को पुलिस ने शनिवार सुबह 7:55 बजे गोफा नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। उसके विरुद्ध 23 जून और 25 जून को दोहरीघाट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
थाना प्रभारी निरीक्षक रामायण सिंह ने बताया कि 22 जून की रात कुछ ट्रक चालक अहिरानी पेट्रोल पंप के पास ट्रक खड़े कर आराम कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी अपने साथियों के साथ चार पहिया वाहन से वहां पहुंचा और ट्रकों से डीजल निकालने लगा।
ट्रक चालकों ने विरोध किया तो आरोपियों ने तमंचे से फायरिंग कर दी, जिसमें मिर्जापुर जिले के चुनार थाना क्षेत्र के दुबारी चचेरी मोड़ निवासी ट्रक चालक अनिल कुमार सिंह घायल हो गए थे।
उन्होंने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम जांच कर रही थी। इसी दौरान 25 जून की भोर करीब चार बजे बर्जला गांव के पास पुलिस मुठभेड़ में गोरखपुर जिले के चौरीचौरा थाना क्षेत्र के शत्रुघ्नपुर निवासी उपेंद्र राजभर के दाहिने पैर में गोली लगी थी।
वहीं उसके तीन अन्य साथी भोपा बाजार वार्ड नंबर 3 निवासी त्रिपेश दूबे, थाना बिधनू, जनपद कानपुर के मटियारा निवासी (हाल पता रामनगर करजहां, थाना खोराबार, जनपद गोरखपुर) धीरज तथा रामनगर करजहां धूसी टोला निवासी नितेश उर्फ बाबूलाल पासवान को गिरफ्तार कर लिया गया था।
पूछताछ में आरोपियों ने चौरीचौरा थाना क्षेत्र के मुंडेरा बाजार निवासी अजू, आदित्य जायसवाल तथा मऊ के रामपुर थाना क्षेत्र के युसुफपुर निवासी कृष्णा गौंड के भी घटना में शामिल होने की जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस ने सभी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की थी।