12वीं के छात्र का शव तमसा नदी में उतराया मिला
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के मऊ जिला निवासी 12वीं के छात्र का शव बुधवार को गाजीपुर जिले के अवरापुर गांव में तमसा नदी में उतराया मिला। वह चार दिन से अपने घर से गायब था। छात्र की मौत की सूचना मिलने से पूरे गांव में मातम पसर गया। युवक के शव को हलधरपुर पुलिस कब्जे में लेकर थाने ले आई। जहां से शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया।
मृतक की शिनाख्त हलधरपुर थाना क्षेत्र के नगवा ग्राम पंचायत निवासी आकाश साहनी (18) पुत्र झिलमिट के रूप में हुई। बीते 13 जून रविवार की शाम उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया। जिस पर वह बात करते हुए साइकिल से ढैंचा चट्टी पहुंचा था। देर शाम जब आकाश अपने घर नहीं पहुंचा तो उसके परिजन उसकी तलाश में जुटे, लेकिन उसका सुराग नहीं मिल सका।
दो दिन तक काफी मशक्कत के बाद युवक का कोई पता नहीं मिलने पर मायूस परिजनों ने बीते मंगलवार को हलधरपुर थाने में युवक के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उधर, बुधवार की सुबह गाजीपुर जिले के कासिमाबाद थाना क्षेत्र के अवरापुर गांव स्थित तमसा नदी में स्नान करते समय एक युवक का शव नदी में उतराया हुआ मिला। इसकी सूचना स्थानीय साधु ने पुलिस को दी।
मौके पर गांव के लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। संयोग से मृत युवक की रिश्तेदारी भी अवरापुर बस्ती में है। जहां शव मिलने के बाद पहुंचे उसके रिश्तेदारों ने युवक की शिनाख्त की। कासिमाबाद पुलिस ने मृतक के गुमशुदगी की रिपोर्ट हलधरपुर थाने में दर्ज होने के नाते उसने हलधरपुर पुलिस को आगे की कार्यवाही करने हेतु कहा।