मऊ के मधुवन थाना क्षेत्र के नुरुल्लाहपुर गांव निवासी छात्रा ने इंटर का पेपर छूटने पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार सहित पूरे गांव के लोग सदमे में हैं। जानकारी के अनुसार नुरुल्लाहपुर निवासी अच्छे लाल यादव की पुत्री निशा मधुवन तहसील क्षेत्र के बापू स्मारक इंटर कॉलेज में कक्षा 12 की छात्रा थी।
सोमवार को प्रथम पाली में इंटरमीडिएट भूगोल का पेपर था। बताया जा रहा है कि इंटरमीडिएट के अधिकतर पेपर द्वितीय पाली में होते हैं। जिससे भ्रम में वह दोपहर 12.30 बजे घर से निकली। केंद्र पर पहुंचने पर पता चला कि परीक्षा पहली पाली में थी और समाप्त हो चुकी है। इससे वह बिलखने लगी।
समझाने पर लौटी किशोरी ने घर से 500 कदम दूर बगीचे में दुपट्टे से फंदा लगा खुदकुशी कर ली। शाम 5 बजे गांव के कुछ बच्चे बकरी चराने निकले, तो उसे फंदे पर लटकता देख शोर मचाया। थोड़ी देर में ही यह खबर पूरे गांव में फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।