नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में रविवार को महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा और भक्ति से मनाया जाएगा। इस अवसर पर शिवालयों में शिवभक्त वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जलाभिषेक करेंगे।
देर शाम तक श्रद्धालु शिव मंदिरों को सजाने संवारने में लगे रहे।
जिले के विभिन्न इलाकों से श्रद्धालुओं का जत्था गाजीपुर के लिए रवाना हुआ, जो वहां से गंगा जल भर कर सुबह पैदल ही लौटेंगे और यहां स्थित शिवमंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। जिले के 140 प्रमुख शिव मंदिरों पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
महाशिवरात्रि पर्व को धूमधाम से मनाने की चल रही तैयारी शनिवार को पूरी कर ली गई। नगर क्षेत्र में खास तौर से शीतला माता धाम स्थित शिव मंदिर, मठिया टोला शिवाला, भीटी स्थित शिव मंदिर, कतुआपुरा स्थित शिव मंदिर, जिला अस्पताल स्थित शिव मंदिर, ब्रह्मस्थान, रोडवेज शिव मंदिर, सिंधी बाबा की कुटी सहित मधुबन का शिवपुर पांति, कोपागंज, लैरोदोनवार सहित विभिन्न शिव मंदिरों पर भजन कीर्तन का क्रम शनिवार को ही शुरू हो गया।
मंदिरों में बिजली सजावट कर आकर्षक ढंग से सजाया गया था। महाशिवरात्रि पर विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। प्रमुख शिव मंदिरों पर देवाधिदेव महादेव का भव्य श्रृंगार फूलों से किया जाएगा।
साथ ही भगवान शिव का अभिषेक दूध और गंगा जल द्वारा संपन्न कराया जाएगा। वहीं नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में भगवान शिव के विवाह की लीला का मंचन किया जाएगा।
इंदारा: क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से शिवभक्तों की टोली गाजीपुर के लिए रवाना हो गई। यह शिवभक्त शुक्रवार को गंगा जल लेकर कोपागंज स्थित गौरी शंकर मंदिर पर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।
मधुबन: शिवपुर पांती गांव स्थित शिवमंदिर में रविवार को भारी संख्या में शिव भक्त मत्था टेकेंगे। मंदिर परिसर पूरे दिन हर-हर महादेव के जयकारे के साथ गूंजता रहा।
कुसुम्हा: क्षेत्र के भोपौैरा स्थित भूपतिनाथ शिव मंदिर, इटौरा चौबेपुर, देवलास, शाहपुर गोठा स्थित प्राचीन शिव मंदिर सहित प्रमुख शिव मंदिरों पर श्रद्धालु जलाभिषेक करेंगे। साथ ही मेले का आयोजन किया गया है।