घोसी तहसील क्षेत्र के अमिला के लेखपाल दिनेश चौहान का निलंबन वापस करने को लेकर घोसी तहसील में धर
घोसी। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष के भाई से 6000 रुपये रिश्वत लेने वाले लेखपाल दिनेश चौहान को उपजिलाधिकारी ने बुधवार की रात निलंबित कर दिया। उधर, साथी लेखपाल की बहाली के लिए घोसी लेखपाल संघ ने बृहस्पतिवार को उपजिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा। बहाली नहीं होने तक कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है।
घोसी तहसील क्षेत्र के अतरसावां गांव निवासी भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दुर्गविजय राय ने उपजिलाधिकारी से शिकायत कर बताया कि उनके पिता की वरासत और भाई का हैसियत प्रमाणपत्र बनाने के लिए लेखपाल दिनेश चौहान ने 6000 रुपये रिश्वत लिया है। इस काम के लिए लेखपाल 15 हजार रुपये की मांग कर रहा था। इस बारे में पूछने पर 28 अक्तूबर को तहसील में भाई के साथ अभद्रता की। उधर, घोसी लेखपाल संघ अध्यक्ष अरविंद पांडेय सहित धरने पर बैठे लेखपालों ने कहा कि निलंबन बिना पूछताछ और बिना साक्ष्य के केवल व्हाट्सएप शिकायत के आधार पर किया गया है। लेखपाल संघ ने निर्णय लिया कि दिनेश चौहान का निलंबन वापस नहीं होने तक उनके हलके का चार्ज कोई अन्य लेखपाल नहीं लेगा। मांग पूरी नहीं होने पर संघ ने 30 अक्तूबर से कलमबंद हड़ताल की चेतावनी दी है।
कोट -
इस मामले से संबंधित प्रार्थनापत्र मेरे पास आया था, जिसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया था। लेकिन संबंधित लेखपाल ने इस काम के लिए रिश्वत की मांग की, जो कानून अपराध है। रिश्वत लेने की शिकायत सत्य पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। - अशोक कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी, घोसी।