मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। पूर्व नौकरशाह और विधान परिषद सदस्य एके शर्मा के प्रयास से उनके गांव को विकास की एक और सौगात मिली है। मऊ आजमगढ़ मुख्य मार्ग से उनके गांव काझाखुर्द को जोड़ने वाली सड़क को तीन से बढ़ाकर छह मीटर चौड़ा करने की शासन ने स्वीकृति दी है। बजट मिलने के बाद अब कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
विधान परिषद सदस्य एके शर्मा के गॉव काझा खुर्द को आजमगढ़ मऊ फोरलेन रोड से जोड़ने वाली सड़क की चौड़ाई काफी कम थी। एक साथ दो वाहनों के आवागमन के बाद इनका पास से गुजारना काफी मुश्किल होता है। समस्या के निराकरण के लिए श्री शर्मा ने शासन को अवगत कराया। उनकी पहल पर शासन से 1 करोड़ 20 लाख रुपये मंजूर कर इसकी क़िस्त भी जारी कर दी गई है। लोक निर्माण विभाग द्वारा उक्त सड़क के चौड़ीकरण का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। सड़क की चौड़ाई बढ़ जाने से बड़ागांव, काझाखुर्द और खानपुर आदि गावों से होकर आने जाने वाले बड़े वाहनों का आवागमन काफी आसान हो जाएगा।
लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता उपेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि बड़ागाँव से काझाखुर्द गॉव तक 2.4 किमी लंबी सड़क की मौजूदा चौड़ाई 3 मीटर से बढ़ाकर 6 मीटर की जा रही है। बताया कि सड़क के दोनों तरफ साइड दीवाल बनाकर लगभग साढ़े 4 फुट चौड़ाई में इंटरलॉकिंग लगाई जा रही है और आवश्यकतानुसार जल निकासी के लिए पुलिया आदि भी लगाई जा रही है।