मऊ। आंगनबाड़ी कर्मचारी सहायिका एसोसिएशन के तत्वावधान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा सहायिकाओं का चल रहा धरना सोमवार को भी जारी रहा। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लगातार धरना प्रदर्शन कर रहें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका निर्णायक लड़ाई लड़ने का मन बना लिया है। 15 दिसंबर को लखनऊ के इको गार्डेन में पहुंचकर मांगों के समर्थन में धरना प्रदर्शन करेंगे।
धरने को संबोधित करते हुए कंचन राय ने कहा कि प्रदेश के आह्वान पर आंगनबाड़ी कर्मचारी सहायिका एसोसिएशन के तत्वावधान में नौ दिनों से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदेश सरकार की तरफ से कई बार मानदेय बढ़ाने की बात कही गई थी। लेकिन अब तक कोई बढ़ोतरी नहीं की गई। जिला मंत्री अनिता प्रजापति ने कहा कि भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में कहा था कि सरकार बनने के 120 दिन बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानजनक मानदेय दिया जाएगा जो अब तक नहीं मिला। इसलिए संगठन ने निर्णय लिया है कि 15 दिसंबर को लखनऊ के इको गार्डेन में विरोध प्रदर्शन करेंगे। धरने में नंदिनी राय, मंजू, संध्या सिंह, पानमती, रीना यादव, पूनम, हेमादेवी, माधुरी, रंजना आदि शामिल रही।