मऊ। जिले के तीन ब्लाकों की चार ग्राम पंचायतों में रिक्त ग्राम प्रधान पद पर हुए चुनाव की मतगणना मंगलवार को संबंधित ब्लाक मुख्यालय पर हुई। मतगणना सुबह सात बजे से शुरू और दो घंटे में पूरी हो गई। सबसे अधिक मतों से कसारा की कांति राजभर विजई हुईं जबकि सबसे कम 14 मतों से बसारथ पुर के प्रधान छोटेलाल निर्वाचित हुए। ब्लाकों पर मतगणना के दौरान पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए गए थे।
दोहरीघाट ब्लाक में गौरीडीह और खैरामुहम्म्दपुर, बड़रांव ब्लाक के बसारथपुर और कोपागंज ब्लाक के कसारा गांव के प्रधान पदों के प्रत्याशियों के निधन के बाद मतदान स्थगित कर दिए गए थे। नौ मई को इन गांवों में मतदान कराए गए जिनकी मतगणना मंगलवार को ब्लाक मुख्यालयों पर हुई। मतगणना के बाद विजई प्रधानों को रिटर्निंग अफसरों ने प्रमाण पत्र दिया। कोपागंज के कसारा गांव में प्रधान पद पर मतगणना में कांति राजभर पत्नी नंदू राजभर ने प्रतिद्वंद्वी बिंदू राजभर पत्नी रामशब्द से 425 मत अधिक पाकर विजयी घोषित र्हुइं। कांति को 1513 मत मिले थे जबकि बिंदू को 1088 वोट मिले थे। यहां पर सात प्रत्याशी चुनाव मैदान में थीं। मतदान में कुल 3325 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
दोहरीघाट ब्लाक के गौरीडीह से अंद्रिका यादव 127 मतों से प्रधान पद के लिए विजयी घोषित किए। इन्हें कुल 539 वोट मिले थे जबकि दूसरे नंबर पर रहे प्रह्लाद को 412 मत मिले थे। इसी ब्लाक के खैरामोहम्मद पुर ग्राम पंचायत से कलावती ने 73 वोटों जीत हासिल की है। उन्हें 421 वोट मिले हैं वहीं दूसरे नंबर पर रहे मंजेश को 348 वोट मिले।
उधर बड़रांव ब्लाक के बसारथपुर ग्राम पंचायत के लिए हुए चुनाव में छोटेलाल 14 मतों से निर्वाचित घोषित हुए। छोटेलाल भारती को 309 वोट मिले जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी अमित को सिर्फ 295 मत मिले।