मऊ। सिविल कोर्ट सेंट्रल बार एसोसिएशन की बैठक बुधवार को संघ के पुस्तकालय भवन में हुई। इसमें बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दारोगा सिंह ने होली मिलन समारोह मनाए जाने के चलते पूरे दिन न्यायिक से विरत रहने का प्रस्ताव पारित किया।
अधिवक्ताओं के न्यायिक कार्य से विरत रहने के चलते बुधवार को अदालतों में पूरे दिन न्यायिक कार्य प्रभावित रहा। उधर दोपहर दो बजे से सेंट्रल बार एसोसिएशन के पुस्तकालय भवन में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें जिला जज सुनील कुमार सहित अधिकांश न्यायिक अधिकारी और अधिवक्ता उपस्थित रहे।
इस दौरान अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दारोगा सिंह ने बताया कि होली त्योहार को लेकर कचहरी में चार दिन का अवकाश है। कचहरी सोमवार 17 मार्च को खुलेगी।