फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mau News: उत्सव के साथ मनी जन्माष्टमी. घंटा-घड़ियाल और नगाड़ों के बीच हुआ श्रीकृष्ण का प्राकट्य

विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

मऊ। जिलेभर में शुक्रवार को भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पावन पर्व ‘श्रीकृष्ण जन्माष्टमी’ पूरी आस्था, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दिनभर श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर भजन-कीर्तन किए और रात के ठीक 12 बजते ही घंटा-घड़ियालों की गूंज, आतिशबाजी से पूरा जिला कृष्णमय हो गया।
महिलाओं ने शंख ध्वनि के बीच गोकुल में बजत है बधैया, नंद के घर जन्मे कन्हैया...ललना लाल भये कुल दीपक, नंद जी के अंगना में शोर भयो आदि सोहर गीत गाए। नगर के पुलिस लाइन, हनुमान घाट स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर, पावर हाउस स्थित श्रीराम मंदिर सहित करीब 19 स्थानों पर भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकियां सजाई गई थीं।
विज्ञापन

शीतला माता धाम, मठिया टोला शिवाला, औरंगाबाद, हनुमानघाट, ढेकुलियाघाट, पावर हाउस कॉलोनी स्थित श्रीराम मंदिर और बाबा बिहारी दास मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में विशेष सजावट की गई। सहादतपुरा, निजामुद्दीनपुरा, इमिलिया, ब्रह्मस्थान, मिर्जाहादीपुरा, औरंगाबाद और ब्राह्मणटोला समेत कई मोहल्लों में भी घर-घर कृष्ण की सजीव झांकियां सजाई गईं। बच्चों ने कृष्ण और राधा का रूप धारण कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
घोसी, मुहम्मदाबाद गोहना, मधुबन, दोहरीघाट और चिरैयाकोट समेत जिले के अन्य इलाकों में भी जन्माष्टमी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। रात 12 बजते ही मंदिरों में घंटा-घड़ियाल, नगाड़े और शंख की ध्वनि गूंज उठी। भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य के साथ श्रद्धालुओं ने महाआरती की। इसके बाद ‘प्रगट भये गोपाला दीनदयाला, जसुमति के हितकारी’ और ‘गोकुल में बजत है बधैया, नंद के घर जन्मे कन्हैया’ जैसे गीतों और सोहर ने वातावरण को भक्तिमय कर दिया। श्रद्धालुओं ने भगवान कृष्ण का अभिषेक कर पूजा-अर्चना की और प्रसाद चढ़ाया। कई स्थानों पर देर रात तक भजन-कीर्तन चलता रहा।
इंदारा : क्षेत्र के विभिन्न इलाकों श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। इंदारा गांव के प्राचीन दुर्गा मंदिर इंदारा,बाजार स्थित हनुमान जी मंदिर व अदरी चौकी सहित अन्य स्थानों पर झांकियां सजाई गई थीं। श्रद्धालुुुओं ने जगह-जगह पहुंचकर सुंदर सजी झांकियों के दर्शन किए और उनकी तस्वीर स्मार्टफोन के कैमरों में कैद की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने आरती की तो महिलाओं ने सोहर गाए। अदरी चौकी पर भंडारे का आयोजन किया गया था, जहां लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर 84 साल पुरानी निकली डोल यात्रा
अमिला। कस्बे में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। अलसुबह से ही श्रद्धालु पंडालों की साज-सज्जा में जुटे रहे। नगर क्षेत्र में करीब 12 स्थानों पर छोटे-बड़े पंडाल स्थापित किए गए। यहां भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकियां सजाई गईं।
इस दौरान 84 वर्षों से आयोजित हो रही अति प्राचीन श्रीकृष्ण जन्मोत्सव डोल यात्रा धूमधाम से निकाली गई। डोल यात्रा अमिला सदर बाजार से प्रारंभ होकर रविदास मंदिर, टेढ़ी गली, कोट मोहल्ला, कायस्थ टोला और चौहानपुरा होते हुए पुनः अमिला सदर बाजार पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान आकर्षक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया।
विज्ञापन

डीजे की भक्ति धुनों पर श्रद्धालु जमकर झूमते नजर आए। नगर में जगह-जगह लोगों ने डोल यात्रा का स्वागत व पूजन किया। पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल रहा। भक्ति, उल्लास और आस्था के संगम ने जन्माष्टमी पर्व की छटा को और भी मनोहारी बना दिया। देर रात कई जगहों पर भव्य भजन कार्यक्रम के भी आयोजन होंगे। इस दौरान डॉ अतुल, संदीप गुप्ता,दुर्गेश गुप्ता, राजेश, रमेश, शैलेंद्र आदि शामिल रहे। संवाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें