मातृ दिवस पर रविवार को नगर के निजामुद्दीनपुरा स्थित लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल निजामुद्दीनपुरा में मातृ सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर माताओं को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधक विजय शंकर यादव ने कहा कि बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ उनको एक अच्छा नागरिक बनाना भी बहुत जरूरी है। स्कूल के निदेशक मुरलीधर यादव ने कहा कि बिना मां के बच्चों में अच्छे संस्कार के बीज बोना असंभव है। कहा कि आज के समय में मां को बच्चों के प्रति बाहर से थोड़ा शख्त और आंतरिक रूप से कोत्रहोना चाहिए। प्रधानाध्यापिका सरिता केडिया ने सभी माताओं को बच्चों के अच्छे परवरिश के लिए महत्पूर्ण सुझाव दिए। पारंपरिक परिधान प्रतियोगिता में प्रथम खुशी बरनवाल, द्वितीय गीता वर्मा, तृतीय गुड़िया,तनु अग्रवाल को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ. अजय कुमार पांडेय ने मेडिकल की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों के लिए अपने स्व. माता राधा रानी पांडेय के नाम पर दो छात्रवृत्ति के लिए अपनी सहमति प्रदान की साथ ही फाउंडेशन की तरफ से सभी प्रतिभागी माताओं को सांत्वना पुरस्कार भी दिया गया।
मां स्वस्थ तो पूरा परिवार स्वस्थ : डॉ. संजय सिंह
नगर स्थित शारदा नारायन हास्पिटल में मातृ दिवस मनाया गया।
इस अवसर पर शारदा नारायन हास्पिटल के डायरेक्टर डॉ. संजय सिंह ने कहा कि घर की मां यदि स्वास्थ्य के प्रति जागरूक है तो पूरा परिवार का स्वास्थ्य सदैव सही रहेगा। इसलिए हमार कर्तव्य है हम अपनी मां का सम्मान करें क्योकि मां की दुआ आपकी जिंदगी बना देगी। इस अवसर पर शारदा नारायन टेस्ट ट्यूब बेबी सेंटर द्वारा नि:सन्तान दंपत्ति को संतान सुख प्राप्त होने की बधाई देते हुए उन्हे उपहार दे कर सम्मानित किया गया। डॉ. सुजीत सिंह ने कहा कि आज की तारीख में दुनियाभर के लिए बेहद खास है। आज पूरी दुनिया में मातृ दिवस मनाया जा रहा है।
मारवाड़ी युवा मंच चेतना शाखा ने किया माताओं का सम्मान:
नगर के राजस्थान भवन में शनिवार की शाम मदर्स डे पर मारवाड़ी युवा मंच चेतना शाखा के तत्वावधान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें संस्था की अध्यक्ष निधि अग्रवाल और सचिव ज्योति खंडेलवाल एवं अन्य पदाधिकारियों ने माताओं को सम्मानित किया। इस दौरान सभी माताओं को अंगवस्त्रम और स्मृति चिह्न प्रदान किया गया। अध्यक्ष निधि अग्रवाल ने कहा कि धरती पर मां ईश्वर का स्वरूप हैं। मां हमें जीवन प्रदान करतीं हैं। इस दौरान ललिता अग्रवाल, उपाध्यक्ष जागृति अग्रवाल, उपसचिव अनुराधा, विभा, श्रद्धा, प्राची,ऋतु, प्रियंका, रानी, प्रीति, राधिका, अंजू और सोनल मौजूद रहीं।
सेवानिवृत्त शिक्षिकाओं को किया सम्मानित
उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ की तरफ से नगर के रस्तीपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय में मातृ दिवस के अवसर पर रविवार को शैक्षिक संगोष्ठी तथा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि नगर पालिकाध्यक्ष तैयब पालकी ने सत्र के सेवानिवृत्त अध्यापिकाओं सुधा वर्मा, हंसरावती पांडेय, उमा देवी, गंगोत्री सिंह, रमावती पांडेय, रामसरीख प्रसाद को अंगवस्त्रम तथा प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं इंदारा क्षेत्र के अदरी मोड़ स्थित किड्स केयर इंटरनेशनल स्कूल मदर्स डे का आयोजन किया गया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि मां जैसा दुनिया में कोई और नहीं हो सकता। मां ही है जो बिना कहे वो सब जान लेती है जो हमको चाहिए। इस अवसर पर इस अवसर पर महिला लोकपाल विनीता दीक्षित, नूपुर अग्रवाल, कृष्णा व श्वेता आदि शामिल रहे।