मऊ। शासन प्रशासन की तरफ से तमाम दिशा निर्देश जारी करने के बाद भी जिले के परिषदीय विद्यालयों में तैनात शिक्षकों के कार्यप्रणाली में सुधार होता नजर नहीं आ रहा है। शिक्षक विद्यालय के समय में गायब हो जा रहे हैं। मंडलीय समन्वयक एमडीएम राजेश शाहा ने गत जनवरी में फतहपुर मंडाव ब्लॉक क्षेत्र के छह से अधिक परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया तो मामले का खुलासा हुआ।
एक विद्यालयों में वित्तीय अनियमितता का मामला प्रकाश में आया। निरीक्षण में व्यापक पैमाने पर कमियां मिली। दो विद्यालयों के छह शिक्षक अनुपस्थित मिले। सभी विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति काफी न्यून पाई गई। वित्तीय अनियमितता करने वाले प्रधानाध्यापक केे खिलाफ जांच कर कड़ी कार्रवाई करने की संस्तुति किया है।
मंडलीय एमडीएम समन्वयक की जांच रिपोर्ट के आधार पर मंडलीय सहायक निदेशक बेसिक ने छह शिक्षकों का वेतन काटने और वित्तीय अनियमितता बरतने वाले प्रधानाध्यापक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया है। साथ ही 15 दिन के अंदर रिपोर्ट मांगा है।
उन्होंने 27 जनवरी 2025 को प्राथमिक विद्यालय मित्तूपुर का सुबह 9.18 बजे निरीक्षण किया। निरीक्षण में सहायक अध्यापक ओमप्रकाश सिंह, सहायक अध्यापक पुनीता अनुपस्थित मिले। विद्यालय में 101 बच्चों का नामांकन है। लेकिन 25 बच्चे उपस्थित मिले। कंपोजिट विद्यालय नेवादागोपालपुर का सुबह 9.50 बजे निरीक्षण किया।
निरीक्षण में सहायक अध्यापक कुंदन प्रसाद धनंजय कुमार, अनुदेशक अखिलेश कुमार पटेल, अनुदेशक गुंजन पांडेय अनुपस्थित मिले। विद्यालय में नामांकित 241 के सापेक्ष 100 बच्चे उपस्थित मिले।