मऊ। नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में बिजली अप डाउन होने से से लोगों को तमाम समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। नगर क्षेत्र में बिजली अप डाउन होने और ग्रामीण इलाकों में दिन भर बिजली आपूर्ति गुल रहने से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। शहर में लगातार ट्रिपिंग से लोग परेशान हैं, तो ज्यादातर गांवों में 18 की जगह 10 घंटे ही बिजली मिल रही है। शिकायत के बाद भी विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हो सका है।
अप्रैल के दूसरे सप्ताह में गर्मी बढ़ने से लोगों की परेशानी बढ़ती ही जा रही है। कहने को तो शहर में 24 घंटे और ग्रामीण इलाकों में 18 घंटे बिजली दिया जाना है। लेकिन कम बिजली मिलने और अप डाउन होने के चलते उपभोक्ताओं को भरपूर बिजली नहीं मिल पा रही है। नगर क्षेत्र में बिजली अप डाउन होने से गर्मी व उमस के बीच दिन बिताना मुश्किल हो रहा है। अधिकारियों के अनुसार ग्रामीण इलाकों में गेहूं फसल की कटाई मड़ाई चल रहा है। ऐसे में सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक बिजली आपूर्ति बंद कर दी जा रही है। इसके चलते ग्रामीण इलाकों के लोगों को दिन के समय बाहर बैठना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी गंभीर बीमारी से ग्रसित मरीजों को उठानी पड़ रही है। दोहरीघाट में नगर में 20 घंटे तथा ग्रामीण अंचलों में 12 से 13 घंटे ही बिजली मिल रही है।
कुसुम्हा : गोठा विद्युत सब स्टेशन से संबद्ध इलाकों में सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे बिजली आपूर्ति बंद रहती है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। मुहम्मदाबाद गोहना : तहसील मुख्यालय को साढ़े 21 घंटे बिजली आपूर्ति का आदेश है। लेकिन पूरे दिन में कई बार बिजली कटती है। इससे लोगों को परेशानी बढ़ रही है। शेड्यूल के विपरीत किस्तों में मात्र 15 से 16 घंटे बिजली मिल पा रही है। कोपागंज: ग्रामीण इलाकों में सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक बिजली गुल रहती है। मझवारा: सेमरी जमालपुर विद्युत उपकेंद्र से संबद्ध इलाकों मेें सुबह पांच बजे से शाम छह बजे तक बिजली गुल रहती है। इसके चलते लोगों को परेशानी हो रही है। इस बाबत विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता भुवनराज सिंह और विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता घनेंद्र सिंह का कहना है कि शेड्यूल के अनुसार बेहतर विद्युत आपूर्ति करने का प्रयास चल रहा है। ग्रामीण इलाकों में फसल की कटाई मड़ाई चल रही है। सुरक्षा की दृष्टि से तेज हवा चलने पर फीडर बंद कर दिया जा रहा है।
इनसेट
आज से लगातार पांच दिन तक बाधित रहेगी विद्युत आपूर्ति
मऊ। आरडीएसएस के तहत 10 अप्रैल 2025 को 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र रहजनियां के अंतर्गत 33 केेवी लाइन रहज़निया की रिकंडक्टरिंग एवं लांग स्पान में पोल खड़ा करने के कारण शटडाउन रहेगा। इससे 11केवी फीडर रघुनाथपुरा, पहाड़पुर, धीराय एडिबल,खीरी बाग, पनियरा एवं पिंजरा फीडर सुबह नाै बजे से शाम छह बजे तक विद्युत सप्लाई बाधित रहेगी। लाइन की क्राॅसिंग के कारण सुरक्षा के मद्देनजर 33 केवी लाइन सदर हॉस्पिटल और 11 केवी लाइन टाउन का भी शटडाउन रहेगा। यह कार्य लगातार पांच दिनों तक चलेगा। यह जानकारी विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता भुवनराज सिंह ने दी।