नगर के घास बाजार स्थित आर आर ज्वैलर्स पर नवरात्र के प्रथम दिन स्वर्ण आभूषणों की खरीदारी करतीं
मऊ। सोमवार से जीएसटी में सुधार लागू होने के बाद जिले के सराफा बाजार की रौनक बढ़ गई। मऊ के सराफा मंडल के अध्यक्ष विजय सराफ ने बताया कि नवरात्र के पहले दिन 12 करोड़ के सोने चांदी के गहने बिके।
बाजार में रौनक को देखते हुए सर्राफा प्रतिष्ठानों को चमकाया गया।जेवरों की चमक उनका आकर्षण और बढ़ा रही है। सराफा कारोबारियों और आम लोगों में उत्साह है। गत वर्ष के मुकाबले सोना चांदी कीमतों में 55 से 60 प्रतिशत वृद्धि हुई है।
इसके बावजूद नवरात्र के पहले दिन प्रतिष्ठानों पर गहमागहमी रही। सराफा व्यवसायी काफी व्यस्त दिखे। कारोबारियों ने अच्छा कारोबार होने की उम्मीद जताई।
नवरात्र, धनतेरस, दीपावली और सहालग सराफा बाजार के लिए खास होता है। यूं तो जेवरों की खरीद हर समय होती है, लेकिन नवरात्र के मौके पर बिक्री में काफी वृद्धि हो जाती है।
सोना 24 कैरेट 1.14 लाख, चांदी 1.33 लाख प्रति किग्रा की दर रही। जबकि गत वर्ष 55 से 60 प्रतिशत भाव कम था। भाव अधिक होने के बाद भी ग्राहकों में उत्साह का माहौल रहा।
कारोबारियों के अनुसार पितृ पक्ष में लोग प्रतिष्ठान पर पूछताछ के लिए आ रहे थे। नाम मात्र की खरीदारी हो रही थी। नवरात्र के पहले दिन से ऑर्डर आने लगे हैं। बिक्री भी अच्छी रही है। सराफा व्यवसायियों का कहना था कि जीएसटी मेें सुधार होने के बाद लोग सोना चांदी में ज्यादा निवेश कर रहे हैं।