मऊ। नए शिक्षा सत्र में जिले के 14 पीएमश्री परिषदीय विद्यालयों में इनफार्मेशन एंड कम्युनिकेशन टेक्नॉलाजी (आईसीटी) लैब बनाई जाएगी।
इन विद्यालयों में लैब बनाने के लिए कंप्यूटर और प्रिंटर के साथ ही सभी जरूरी फर्नीचर भी उपलब्ध कराए जाएंगे। इन संसाधनों की व्यवस्था इसी महीने के अंत तक पूरी होगी। जिले में 1208 परिषदीय विद्यालय हैं। केंद्र सरकार की तरफ से परिषदीय विद्यालयों को हाइटेक करने के लिए पीएमश्री योजना शुरू की गई है।
जिले के सभी ब्लॉकों से 14 परिषदीय विद्यालयों को चयनित किया गया है। इनमें अध्ययनरत बच्चों के विकास के लिए आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं बहाल की जानी है। पीएमश्री योजना के तहत चयनित विद्यालयों मेें आईसीटी लैब बनाया जाएगा।
प्रत्येक विद्यालय को 12-12 कंप्यूटर मिलेंगे। जो निदेशालय से भेजा जा रहा है। इसके साथ ही विद्यालयों में उपकरण और फर्नीचर उपलब्ध कराया जाएगा। इस बाबत जिला समन्वयक निर्माण अजीत तिवारी का कहना है कि 14 पीएम श्री परिषदीय विद्यालयों में आईसीटी लैब स्थापित की जाएगी।