कोपागंज थाना क्षेत्र की कुर्थीजाफरपुर नगर पंचायत के एक मुहल्ले में दुष्कर्म के नौ माह बाद 12 वर्षीय लड़की ने 25 अक्तूबर को बच्चे को जन्म दिया। पीडि़ता जब बच्चे को लेकर आरोपी के घर गई तो उसने दोनों को रखने से इन्कार कर दिया।
लड़की रविवार को बच्चे के साथ कोपागंज थाने पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी दी। शिकायत पर पुलिस ने रविवार की शाम बाल विवाह निषेध कानून और दुष्कर्म के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की और रविवार की रात आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
दर्ज मामले के अनुसार माता- पिता के निधन के बाद लड़की आरोपी के घर झाड़ू, पोछा करती और बर्तन धुलती थी। जब वह 12 वर्ष की थी तो आरोपी ने निकाह का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म किया।
विरोध करने पर तनख्वाह न देने और काम छोड़वाने की धमकी देता था। यौन शोषण के बाद वह गर्भवती हो गई। गर्भधारण के सातवें माह में लड़की के परिजनों को पेट में बच्चा होने की जानकारी हुई।
मामला उजागर होने और पुलिस की कार्रवाई के भय से आरोपी ने बीते एक सितंबर को निकाह कर लिया। निकाह के अगले दिन ही दो सितंबर को उसे मायके भेज दिया। परिवार और समाज के डर से लड़की ने भी कहीं शिकायत नहीं की।
लड़की ने 25 अक्तूबर को बच्चे को जन्म दिया। पीडि़ता जब बच्चे को लेकर आरोपी के घर गई तो उसने दोनों को रखने से इन्कार कर दिया और मारपीट कर घर से भगा दिया।
पीडि़ता रविवार को बच्चे के साथ कोपागंज थाने पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी दी। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने रविवार की रात आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
किशोरियों के साथ दुष्कर्म का 18 दिन में तीसरा मामला
मासूम बेटियां अपने परिवार और आसपास के लोगों के बीच ही सुरक्षित नहीं हैं। 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों के साथ दुष्कर्म का बीते 18 दिन में ये तीसरा मामला सामने आया है। बीते 30 अक्तूबर को कोपागंज थाना क्षेत्र के एक गांव में शाम को बकरी चराते समय 14 वर्षीय किशोर ने पांच साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया था। घोसी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में बीते 13 नवंबर को रिश्ते में चाचा लगने वाले परिवार के ही 12 वर्षीय किशोर ने तीन साल की बच्ची को हवस का शिकार बनाया था। इन सभी मामलों में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर बाल सुधार गृह में भेज दिया था।
पीड़ित लड़की की तहरीर के आधार पर बाल विवाह निषेध कानून, नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया गया है।
- रविंद्रनाथ राय, थानाध्यक्ष, कोपागंज